Indore में नहीं थम रहा मौतों का सिलसिला, भागीरथपुरा में दूषित पानी से 17वीं मौत, बेटे से मिलने आए थे पिता
इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दूषित पानी पीने से बीमार हुए एक और शख्स की मौत हो गई। अब इंदौर में कुल 17 मौतें हो चुकी हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नाकामी के बाद यहां भागीरथपुरा में लोगों में संक्रमण का खतरा बना हुआ है। कुछ नए मरीज भी सामने आ रहे है।
सोमवार को 69 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा धार के निवासी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी थे। वे इंदौर अपने बेटे से मिलने आए थे, जहां 1 जनवरी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी किडनी में संक्रमण पाया गया और हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन सोमवार सुबह उनका निधन हो गया।
150 मरीजों का इलाज जारी : भागीरथपुरा की बात करें तो अभी अलग-अलग अस्पतालों में करीब 142 मरीजों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि नए मरीजों के मिलने की रफ्तार में कमी आई है और रविवार रात तक 20 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की 20 से अधिक टीमें पूरे क्षेत्र में रिंग सर्वे कर रही हैं। निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए बस्ती को 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां हर सदस्य के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। अभी तक पांच हजार से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।
कानूनी कार्रवाई शुरू :बता दें कि इस पूरे मामले पर कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है। हाईकोर्ट में दायर याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होनी है। पिछली सुनवाई के दौरान न्यायालय ने नगर निगम आयुक्त और अपर आयुक्त को नोटिस जारी कर इस पूरी घटना पर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है। इस केस को लेकर दो याचिकाएं लगी हैं। वहीं कांग्रेस इसे पूरे कांड को लेकर लगातार प्रशासन और जिम्मेदार नेताओं पर आरोप लगा रही हैं। शनिवार को कांग्रेस ने भागीरथपुरा में प्रदर्शन भी किया था। 11 जनवरी को कांग्रेस फिर से आंदोलन करने वाली है, इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर आने की उम्मीद है।
Edited By: Navin Rangiyal