Thailand Cambodia War: थाईलैंड और कंबोडिया जैसे खूबसूरत देश भारतीय पर्यटकों के लिए लंबे समय से पसंदीदा रहे हैं। सस्ते बजट, समुद्री सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और आसान वीजा प्रोसेस के कारण यहां हर साल लाखों भारतीय सैलानी घूमने जाते हैं। लेकिन इस समय दोनों देशों के बीच सीमा विवाद एक गंभीर मोड़ ले चुका है, जिसकी वजह से सुरक्षा जोखिमों में तेजी आई है। भारत सरकार ने अपने नागरिकों को चेतावनी जारी की है कि वे थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा से सटे क्षेत्रों से फिलहाल दूर रहें।
भारत सरकार की एडवाइजरी : भारत सरकार ने कंबोडिया और थाईलैंड में रह रहे और वहां की यात्रा की योजना बना रहे भारतीयों को सख्त हिदायत दी है कि वे विवादग्रस्त सीमा क्षेत्रों से दूर रहें। फनॉम पेन्ह स्थित भारतीय दूतावास ने कंबोडिया की सीमा के पास न जाने की सलाह दी है और साथ ही आपातकालीन संपर्क नंबर भी साझा किए हैं। इसी तरह, बैंकॉक में स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को अलर्ट जारी करते हुए भारतीय यात्रियों को थाईलैंड-कंबोडिया सीमा के पास के क्षेत्रों से बचने की अपील की है। यात्रियों को TAT Newsroom जैसी थाईलैंड की आधिकारिक वेबसाइट्स से अपडेट चेक करते रहने की सलाह दी गई है।
थाईलैंड में ये इलाके हैं खतरे की जद में, यात्रा से करें परहेज़
थाईलैंड में कई सीमावर्ती इलाके फिलहाल संघर्ष की चपेट में हैं, जहां पर्यटकों का जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। भारत सरकार ने विशेष रूप से इन जगहों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है:
उबोन रत्चाथानी (Ubon Ratchathani): फु चोंग-ना यॉय नेशनल पार्क (Na Chaluai), केंग लमदुआन (Nam Yuen), चोंग अन मा चेकपॉइंट
सुरिन (Surin): प्रसात ता मुएन थॉम, प्रसात ता क्वाई, चोंग चोम, फैनोम स्वाई फॉरेस्ट पार्क
सीसाकेत (Sisaket): फा मो ई दैंग, चोंग सा-एनगाम, फु सिंग के पास सीमा क्षेत्र
बुरीराम (Buriram): चोंग साई ताकु, ता फ्राया नेशनल पार्क, लाहन साई और बान क्रुआट सीमा क्षेत्र
सा केओ (Sa Kaeo): बान खलोंग लुएक चेकपॉइंट, रोंग क्लुआ मार्केट, अरण्याप्रथेट और खलोंग हाट सीमा क्षेत्र
चानथाबुरी (Chanthaburi): बान लेम और बान फट कड चेकपॉइंट, सॉय दाओ सीमा क्षेत्र
त्राट (Trat): बान हैट लेक, बान मुएन दान, बान मा मुआंग चेकपॉइंट
इन सभी क्षेत्रों में फिलहाल सुरक्षा बलों की गतिविधियां तेज हैं, और संघर्ष की स्थिति कभी भी बिगड़ सकती है।
थाईलैंड और कंबोडिया में भारतीय पर्यटकों की संख्या कितनी?
थाईलैंड और कंबोडिया, दोनों देश भारतीयों के लिए बड़े टूरिज्म हब हैं। 2024 में, करीब 2.12 मिलियन भारतीयों ने थाईलैंड की यात्रा की, जो चीन और मलेशिया के बाद तीसरा सबसे बड़ा ग्रुप रहा। वहीं कंबोडिया में 77,632 भारतीय पहुंचे, जिसमें से 58,743 टूरिस्ट थे और बाकी बिजनेस ट्रैवलर।
दिलचस्प बात ये है कि इन दोनों देशों से भारत की ओर आने वाले टूरिस्ट की संख्या बहुत कम रही। कंबोडिया और थाईलैंड से केवल थोड़े ही लोग भारत आए। भारत और इन देशों के बीच सीधे फ्लाइट कनेक्शन जैसे कि नई दिल्ली-फनॉम पेन्ह और कोलकाता-सिएम रीप भी मौजूद हैं, जो यात्रा को आसान बनाते हैं।
सीमा विवाद की पृष्ठभूमि, क्या है असली वजह?
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच दशकों से एक विशेष सीमा क्षेत्र को लेकर विवाद चला आ रहा है। यह विवाद 2013 में संयुक्त राष्ट्र के हस्तक्षेप से कुछ हद तक थम गया था, लेकिन मई 2024 में एक कंबोडियन सैनिक की हत्या के बाद स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई। ताज़ा घटनाक्रम में थाईलैंड ने आरोप लगाया कि कंबोडिया ने लंबी दूरी की रॉकेटों से उसके नागरिक ठिकानों पर हमला किया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई।
इसके जवाब में थाईलैंड ने एक F-16 फाइटर जेट भेजकर एक बौद्ध मंदिर पर हमला किया, जिसमें एक आम नागरिक की जान गई। अब तक थाईलैंड के अनुसार 15 लोगों की मौत हो चुकी है (14 आम नागरिक, 1 सैनिक), जबकि कंबोडिया ने 32 मौतों की पुष्टि की है। इस हिंसक टकराव ने दोनों देशों के राजनयिक संबंधों को भी नुकसान पहुंचाया है, थाईलैंड ने कंबोडियन एम्बेसडर को निष्कासित कर दिया है और खुद का राजदूत भी वापस बुला लिया है।
क्या करें भारतीय टूरिस्ट?
यदि आप हाल ही में थाईलैंड या कंबोडिया की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो नीचे दिए गए सुझावों का पालन करें:
-
सीमा क्षेत्रों में जाने से पूरी तरह बचें, खासकर उपरोक्त बताए गए राज्यों/जिलों में।
-
यात्रा से पहले भारतीय दूतावास और थाई/कंबोडियन सरकार के आधिकारिक चैनलों से अपडेट जरूर लें।
-
अपने परिवार और दोस्तों को अपनी यात्रा की सही जानकारी दें और आपातकालीन संपर्क नंबर हमेशा साथ रखें।
-
बीमा और मेडिकल सुरक्षा के प्रावधान यात्रा से पहले सुनिश्चित करें।
अस्वीकरण (Disclaimer) : सेहत, ब्यूटी केयर, आयुर्वेद, योग, धर्म, ज्योतिष, वास्तु, इतिहास, पुराण आदि विषयों पर वेबदुनिया में प्रकाशित/प्रसारित वीडियो, आलेख एवं समाचार जनरुचि को ध्यान में रखते हुए सिर्फ आपकी जानकारी के लिए हैं। इससे संबंधित सत्यता की पुष्टि वेबदुनिया नहीं करता है। किसी भी प्रयोग से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।