1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. कथा-सागर
  6. अव्यक्त खामोशी
Written By ND

अव्यक्त खामोशी

लघुकथा

अव्यक्त खामोशी
विनीता मोटलानी
NDND
आज फिर सुबह से ही घर को युद्ध का मैदान बना दिया है सुनील के पापा ने। हर बात को चीख-चीखकर कह रहे हैं। अपने नित्य कार्यों में उलझी जया चुपचाप सुनती जा रही है। दफ्तर जाने के समय तक सुनना ही पड़ेगा, आदत जो हो गई है।

टिफिन बंद करते-करते कानों से आवाज टकराई-'कोई भी चीज जगह पर नहीं मिलेगी, अरे मेरी फाइल कहाँ है?' जया को याद आया रात को ही टीवी देखते समय उनके हाथ में थी। वह जल्दी से वहाँ गई और फाइल लाकर उनको पकड़ा दी। फाइल लेते हुए भद्दी सी गाली देते हुए वे निकल गए।

NDND
अब जया की सहनशीलता जवाब दे चुकी थी। मन हल्का करने की गरज से वो सुनील के कमरे में जाने लगी। आँखों में आँसू उमड़ आए थे। सुनील सिर झुकाकर पढ़ने में मस्त था। "देखा आज फिर तुम्हारे पापा ने कोहराम मचा दिया। कब की चली जाती अगर तुम्हारी चिंता न होती तो ...'

उमड़ आए आँसुओं को रोक वह वापस जाने को मुड़ी इतने में सुनील ने आवाज दी मम्मा ऽऽऽ कुछ कह रही थी?' जया ने देखा वह अपने कानों से इयरफोन निकाल रहा है। नहीं...कुछ भी तो नहीं...कहकर वह वापस रसोई की ओर मुड़ गई...।
लेखक के बारे में
ND