1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार
Written By WD

वह जो तुम दे देते

मुरली मनोहर श्रीवास्तव

मुरली मनोहर श्रीवास्तव
ND
हे प्रभु
वह जो हम तुमसे माँगते हैं
और जो तुम दे देते हो हमेशा
एक सा नहीं होता
जब तुम्हारा दिया हुआ
ज्यादा होता है हमारी उम्मीद से
तो हम खुश होते हैं इतने
कि भूल जाते हैं धन्यवाद देना तक
और जब यह हमारे माँगे हुए से कम होता है
तो तुम्हें याद करते हैं कसक के साथ
जब तुम्हारा दिया हमारे माँग से विपरीत होता है
तो हम सह नहीं पाते और तड़प उठते हैं
ND
यही वह रहस्य है
जहाँ तुम जीतते हो
और मैं हार जाता हूँ
क्योंकि समय के साथ
जब उसकी सार्थकता आती है सामने
तो होता है अहसास कि
जब कभी जो माँगा
वह तुम दे देते तो
हम कब का
नष्ट कर चुके होते
भस्मासुरी प्रवृत्ति से
स्वयं को।