सावधान, बासी खाने से हो सकता है कैंसर
अब तक आपने धूम्रपान, तंबाकू और अन्य कारणों से कैंसर के पनपने के बारे में तो सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि बासी भोजन करना भी आपके लिए उतना ही घातक साबित हो सकता है। जी हां, बासी भोजन करना आपको कैंसर का शिकार बना सकता है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि आंकड़े बता रहे हैं।
हाल ही में छत्तीसगढ़ में कैंसर के तेजी से बढ़ते आंकड़ों का आकलन करने पर यह पाया गया, कि पेट के कैंसर का एक प्रमुख कारण बासी भोजन का सेवन करना भी हो सकता है। इस बारे में चिकित्सकों का कहना है,कि खास तौर से बासी चावल पेट के कैंसर का कारण बन सकते हैं। रात को बनाए गए या भिगोए गए चावलों का सुबह सेवन करना सेहत के लिहाज से काफी घातक हो सकता है।
चिकित्सकों के अनुसार भोजन के बासी हो जाने पर उसमें बैक्टीरिया पनपने लगते हैं जो हाइड्रोकार्बन और कैंसर पैदा करने के लिए प्रमुख रूप से जिम्मेदार होते हैं। इस तरह के कैंसर से बचने के लिए खाने की शुद्धता पर विशेष रूप से ध्यान देना आवश्यक है। इसके अलावा बासी भोजन से दूरी बनाए रखना ही पेट के कैंसर से बचने में मददगार साबित हो सकता है।
हाल ही में यहां पर कैंसर के मरीजों की कुल संख्या में, बासी भोजन से होने वाले पेट के कैंसर के शिकार मरीजों की तादाद भी काफी थी। इसे देखते हुए बासी भोजन के प्रति जागरूकता पैदा करना जरूरी है। कैंसर के आंकड़ों में तेजी से होता इजाफा, चिंता की बात है। लेकिन खाने पीने के मामलों में सतर्कता और शुद्धता का ध्यान रखते हुए इस तरह की अन्य बीमारियों से भी बचने में मदद मिलती है।
