1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. सेहत समाचार
  4. Health News

अवसाद को रोक सकते हैं फल-सब्जियां : अध्ययन

Health News
लंदन। भूमध्यसागरीय आहार या फल, सब्जियों, फलियों, बादाम और अखरोट आदि युक्त अन्य स्वस्थ  आहार अवसाद को रोकने में मददगार हो सकता है। यह बात एक नए अध्ययन में कही गई है।

 

 
अध्ययन में 15,093 लोगों को शामिल किया गया जिसमें पता चला कि अवसाद का पोषक तत्वों की  कमी से संबंध है।
 
अनुसंधानकर्ताओं ने 3 आहारों- भूमध्यसागरीय आहार, शाकाहारी आहार प्रतिमान और वैकल्पिक स्वस्थ  खानपान सूचकांक-2010 की तुलना की।
 
अध्ययन में भाग लेने वालों ने चयनित आहार के प्रति अपने लगाव को मापने के लिए एक अंक प्रणाली  का इस्तेमाल किया। उच्च आहार अंक ने संकेत दिया कि प्रतिभागी स्वस्थ आहार खा रहा है।
 
मांस और मिठाई (पशुओं के वसा : संतृप्त और ट्रांस फैटी एसिड्स के स्रोत) जैसी चीजों को नकारात्मक  अंक मिले, जबकि बादाम और अखरोट आदि फल तथा सब्जियों (ओमेगा 3 फैटी एसिड्स, विटामिन और  खनिज पदार्थों के स्रोत) को सकारात्मक अंक मिले।
 
स्पेन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ लास पाल्मस दे ग्रां कैनेरिया के अग्रणी अनुसंधानकर्ता अल्मुदेना  सांचेज-विलेगास ने कहा कि हम यह समझना चाहते थे कि आहार मानसिक स्वास्थ्य में क्या भूमिका  निभाता है, जैसा हम मानते हैं कि कुछ खास आहार प्रतिमान हमारे मस्तिष्क की रक्षा कर सकते हैं।
 
उन्होंने कहा कि ये सभी आहार शारीरिक स्वास्थ्य लाभों से जुड़े हैं और अब हम पाते हैं कि वे हमारे  मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर डाल सकते हैं। 
 
विलेगास ने कहा कि सकारात्मक भूमिका पोषक विशिष्टताओं से जुड़ी है, जहां बादाम, अखरोट आदि फल  और सब्जियां (ओमेगा 3 फैटी एसिड्स, विटामिन और खनिज पदार्थों के स्रोत) अवसाद का जोखिम कम  कर सकते हैं। अध्ययन परिणाम 'बीएमसी मेडिसिन' पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। (भाषा)