1. लाइफ स्‍टाइल
  2. सेहत
  3. सेहत समाचार
  4. Exercise Helps in Chemotherapy
Written By WD

कीमोथैरेपी के दौरान व्यायाम से जल्द ठीक होता है कैंसर

chemotherapy
आपको व्यायाम करने के कई फायदों के बारे में पता होगा। व्यायाम न केवल आपके शरीर को चुस्त-दुरुस्त करता है, बल्कि आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद है। नियमित व्यायाम से डाइबिटीज, रक्तचाप और भी कई बीमारियों से निजात पाई जा सकती है। हाल ही में हुए एक शोध में यह बात भी सामने आई है कि, प्रतिदिन व्यायाम करना उन लोगों के लिए भी बेहद फायदेमंद है, जो कीमोथैरेपी से गुजर रहे हों।
 
कैंसर के ट्यूमर को समाप्त करने के लिए कीमोथैरेपी का प्रयोग किया जाता है। ऐसे में कीमोथैरेपी से गुजर रहे मरीज अगर कीमोथैरेपी के साथ-साथ प्रतिदिन व्यायाम को भी अपनी दिनचर्या में शामिल करे, तो कैंसर व ट्यूमर जल्दी समाप्त हो सकता है और यह कीमोथैरेपी में काफी सहायक होता है। अमेरिका की एक युनिवर्सिटी में होने वाले अध्ययन में यह बात सामने आई है, कि व्यायाम कीमोथैरेपी से गुजर रहे मरीजों के लिए लाभदायक होता है। 

अध्ययन के अनुसार कीमोथैरेपी के दौरान व्यायाम को नियमित तौर पर जारी रखा जाए, तो यह काफी फायदेमंद होता है। इससे कीमोथैरेपी के परिणाम अधिक बेहतर और जल्दी सामने आने में मदद मिलती है।
 
''अमेरिकन जर्नल ऑफ फिजियोलॉजी एंड एक्सप्लेंड'' में छपे एक अध्ययन के मुताबिक व्यायाम करना, कैंसर कोशिकाओं तक रक्त प्रवाह को सुव्यवस्थि‍त करने में मदद करता है, जिससे दवा सही तरीके से कैंसर ट्यूमर तक पहुंचकर असर करने में सक्षम होती है।

शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन में यह भी पाया, कि नियमित व्यायाम और डॉक्सोरुबिसिन में सीधा संबंध है। डॉक्सोरुबिसिन एक प्रकार की दवा है, जो सामान्यत: कैंसर के मरीज के इलाज में प्रयोग की जाती है।


इस दवा के पीड़ि‍त मरीज को देने पर, कई तरह के नकारात्मक प्रभाव सामने आते हैं, जैसे - बाल झड़ना, नौजिया, उल्टी आना और भी कई। कीमोथैरेपी के दौरान नियमित व्यायाम द्वारा इन नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकता है। 
उम्मीद है कि इस शोध के माध्यम से भविष्य में कैंसर के इलाज के संबंध में कई सकारात्मक और अहम कदम उठाने में मदद मिलेगी।
लेखक के बारे में
WD