Space Mission Gujarat : धोलेरा की धरती से अंतरिक्ष में ऊंची उड़ान, गुजरात का पहला स्वदेशी 'साउंडिंग रॉकेट' सफल
गुजरात ने अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई हासिल की है। अहमदाबाद से लगभग 100 किलोमीटर दूर धोलेरा स्मार्ट सिटी के बावलियारी गांव से राज्य का पहला 'साउंडिंग रॉकेट' सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया है। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए राज्य के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने इस उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया।
'मेक इन इंडिया' के तहत स्वदेशी तकनीक का प्रदर्शन
यह रॉकेट अहमदाबाद स्थित स्टार्टअप 'ओमस्पेस रॉकेट एंड एक्सप्लोरेशन प्राइवेट लिमिटेड' (OSRE) द्वारा विकसित किया गया है। 'मेक इन इंडिया' पहल को सार्थक करते हुए, इस रॉकेट का एयरफ्रेम कार्बन फाइबर और उन्नत मिश्रित सामग्री (composite material) से तैयार किया गया था। यह लॉन्चिंग निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में गुजरात के बढ़ते प्रभाव और आत्मनिर्भरता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
सफल लॉन्चिंग और सिस्टम का परीक्षण
14 मार्च, 2026 को दोपहर 1:00 बजे एक अस्थायी लॉन्च कॉम्प्लेक्स से इस सिंगल-स्टेज सब-ऑर्बिटल रॉकेट को लॉन्च किया गया। यह रॉकेट लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचा। इस उड़ान के दौरान प्रोपल्शन, एवियोनिक्स और ऑटोनॉमस रिकवरी सिस्टम जैसी महत्वपूर्ण तकनीकी प्रणालियों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया, जो भविष्य के बड़े मिशनों के लिए आधार तैयार करेंगे।
मौसम और वैज्ञानिक डेटा का संग्रह
रॉकेट में एक छोटा प्रयोगात्मक 'पेलोड' रखा गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य मौसम विज्ञान से संबंधित डेटा एकत्र करना है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) और DGCA जैसे संस्थानों की अनुमति और सहयोग से यह मिशन पूरा हुआ। मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने इस सफलता पर युवा वैज्ञानिकों की टीम को बधाई दी और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी साझा किया।
क्या है साउंडिंग रॉकेट और इसका उपयोग?
साउंडिंग रॉकेट आमतौर पर एक या दो चरणों वाले सॉलिड-प्रोपेलेंट रॉकेट होते हैं। इनका उपयोग मुख्य रूप से पृथ्वी के ऊपरी वायुमंडल (50 से 1500 किमी तक) में वैज्ञानिक प्रयोगों, मौसम अनुसंधान और नई अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों के परीक्षण के लिए किया जाता है। कम लागत में और तेजी से सटीक डेटा प्राप्त करने के लिए इसे सबसे विश्वसनीय माध्यम माना जाता है। Edited by : Sudhir Sharma