• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2025
  2. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव न्यूज 2025
  4. aap leaders reaction on exit polls of delhi assembly election
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 5 फ़रवरी 2025 (22:15 IST)

Delhi Exit Poll Results: एक्जिट पोल पर आया AAP का रिएक्शन, क्या बोली BJP

Delhi Exit Poll Results: एक्जिट पोल पर आया AAP का रिएक्शन, क्या बोली BJP - aap leaders reaction on exit polls of delhi assembly election
Delhi Exit Poll : दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर आज वोटिंग खत्म होने के बाद 11 एग्जिट पोल आए। 9 में भाजपा को बहुमत तो 2 में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनने का अनुमान है। पोल ऑफ पोल्स में भाजपा को 39, AAP को 30 और कांग्रेस को एक सीट मिलती दिख रही है। JVC और पोल डायरी ने अपने एग्जिट पोल में अन्य को भी 1-1 सीट मिलने के आसार हैं। इसे लेकर आम आदमी पार्टी का रिएक्शन भी सामने आया है।

क्या बोले आप के मंत्री : दिल्ली सरकार में मंत्री और ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने एग्जिट पोल पर कहा कि हमने यह दिल्ली का चौथा चुनाव लड़ा है। 2013 और 2015 के एग्जिट पोल ने हमें हराया था। 2020 में भी हमारी सीट कम दिखाई गई थी और 2025 के एग्जिट पोल में भी हमारी सीट कम दिखाई जा रही हैं... एक बड़े बहुमत से AAP की सरकार बनने वाली है और ये सभी एग्जिट पोल गलत साबित होंगे। 
 
क्या कहा आप ने : आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक्जिट पोल के नतीजों को खारिज करते हुए कहा कि सर्वेक्षणकर्ताओं ने ‘ऐतिहासिक रूप से’ उसके प्रदर्शन को कम करके आंका है जबकि भाजपा ने इन पूर्वानुमानों को लोगों की बदलाव की इच्छा का प्रतीक बताया। 
हमेशा कमतर आंका गया : आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि एक्जिट पोल में हमेशा से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी को कमतर आंका गया है, लेकिन वास्तविक नतीजों में पार्टी को इन अनुमानों से कई गुना अधिक लाभ होता है। गुप्ता ने कहा कि आप किसी भी एक्जिट पोल को देख लीजिए - चाहे 2013, 2015 या 2020 के एक्जिट पोल हों- आप को हमेशा कम सीट मिलती दिखाई गईं। लेकिन असल नतीजों में उसे ज्यादा सीट मिलीं।’’
 
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के लोगों ने आप को बड़ी संख्या में वोट दिया है और पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है तथा केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। चुनाव नतीजे शनिवार को घोषित किये जायेंगे। एक्जिट पोल चुनाव-सर्वेक्षण एजेंसियों द्वारा किए गए अनुमान हैं, जो मतदान केंद्रों से वोट डालने के बाद बाहर आने वाले मतदाताओं के साक्षात्कारों पर आधारित होते हैं। ये वास्तविक परिणामों से काफी भिन्न हो सकते हैं।
 
‘पीपुल्स पल्स’ के एक्जिट पोल के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 51 से 60 सीट मिल सकती हैं, जबकि आप को 10 से 19 सीट मिल सकती हैं। उसका दावा है कि कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी।
‘पीपुल्स इनसाइट’ के एक्जिट पोल के अनुसार राजग को 40 से 44 सीट, आप को 25 से 29 सीट और कांग्रेस को शून्य से एक सीट मिलने की संभावना है। कुछ अन्य एक्जिट पोल में भी भाजपा की जीत की संभावना जतायी गई है।
 
क्या बोली बीजेपी : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्टी एक्जिट पोल अनुमानों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना ​​है कि दिल्ली के लोगों ने बहुत पहले ही मन बना लिया था कि उन्हें बदलाव चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आप सत्ता से बाहर होने वाली है और भाजपा 25 साल से अधिक के अंतराल के बाद दिल्ली में अपनी सरकार बनाने जा रही है। इनपुट भाषा Edited by : Sudhir Sharma