गुरुवार, 5 मार्च 2026
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. गुरु-मंत्र
Written By ND

'मन का मेकओवर' - पार्ट 2

करियर
ND
किसी पर कमेंट करना, इस स्वभाव से हम दूसरों से कट जाते है, दूसरों को समझ नहीं पाते हैं कि वे क्या हैं। ये गंदे ब्लैक हैड्स अपने मन से निकल दीजिए, क्योंकि उसके कारण हम सामने वाले को अच्छी तरह पहचान नहीं पाते हैं। ये घृणा, नफरत, दुश्मनी के अंकुरों को वॅक्सिंग करके निकाल दीजिए।

इसी तरह अतृप्ति, अशांति मन में पैदा हो गई हो तो जिंदगी खराब हो जाती है। ऐसा विचार मन में आते ही सिर हिलाकर उसे झटका दीजिए।

कई बार ऐसा भी होता है कि मन में उमंग लिए आपने जी-जान से मेहनत से कोई प्रोजेक्ट तैयार किया हो और फिर वह असफल हो जाता है। फिर किस तरह हमें रिएक्ट करना चाहिए? अपनी एनर्जी जो हो चुका, उस पर वेस्‍ट ना करें। अपने मन को दूसरे कामों में इतना लिप्त करें कि असफलता का दुःख अब महसूस ही न हो। अपनी एक्‍टि‍व पावर को समेटकर फिर एक सफलता के लिए प्रयास में जुट जाइए।

अपनी जिंदगी अपने तरीके से जिएँ जिसमें खुशी और संतोष मिलता हो। अपने मन पर चढ़ी असंतोष की धूल की परत को संतोष की डीप क्लिन्ससिंग क्रीम से रोज मसाज कर हटा दें। जो कुछ करने से भरपूर खुशी मिलती है, मन में उपलब्धि की लहरें उठती हों, वही करना चाहिए।

रोज दिन के आखिर में दिनभर किए हुए छोटे-मोटे कामों का जायजा लें। जो सफल हुए हैं उनकी सूची मन में बार-बार दोहराएँ। जिस काम में समय का भी पता नहीं चला उस काम को बार-बार याद करें। ऐसा करने से भी मन का मेकओवर होता है।

शरीर का मेकअप तो पंद्रह दिन, महीने में हो सकता है, लेकिन याद रहे अपने मन को आत्मशक्ति का शॉवर रोज देना पड़ता है। यह चमकता स्पा आपके पास ही है। ना कहीं दूर जाना है ना हजारों रुपए खर्च करना है।

बस, सुबह उठते ही दिनचर्या की शुरुआत करने से पहले 15 मिनट रोज सुबह के शांत समय में अपने मन का मसाज करें, इच्छाशक्ति का फाउंडेशन लगाएँ, अशांति के ब्लैक हैड्स को निकाल दें और आत्मविश्वास की क्रीम लगाएँ, फिर देखिए किस तरह शरीर के साथ ग्लो करने वाला मन भी आपके पास होगा।