मीराबाई नॉट आउट
|
निर्देशक : चंद्रकांत कुलकर्णी
संगीत : संदेश शांडिल्य
कलाकार : मंदिरा बेदी, महेश मांजरेकर, अनुपम खेर, एजाज खान, चारू शर्मा, अनिल कुंबले (विशेष भूमिका)
आमतौर पर यह माना जाता है कि क्रिकेट सिर्फ लड़के ही पसंद करते हैं, लेकिन ऐसी लड़कियों/महिलाओं की संख्या भी बहुत बड़ी है जो इस खेल को पसंद करती हैं। ऐसी ही एक लड़की है ‘मीराबाई नॉट आउट’ की नायिका मीराबाई आचरेकर।
विश्वप्रेम विद्यालय में मीरा बच्चों को गणित सिखाती है। अब तक अविवाहित है क्योंकि वह प्रेम करती है क्रिकेट और क्रिकेट खिलाड़ी अनिल कुंबले से।
मुंबई की एक चाल में मीराबाई एक छोटे-से घर में रहती है और जब भी मैच आता है वह भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए दुआ माँगने से नहीं चूकती। मीरा के क्रिकेट प्रेम से उसके घरवाले हैरान हैं।
मीरा का एक भाई मनोज भी क्रिकेट का शौकीन है। रंजी ट्रॉफी खेल चुके मनोज को जब भी वानखेड़े स्टेडियम में मैच होता, अपनी बहन के लिए टिकट का इंतजाम करना होता है। वह स्कूल को छोड़ मैच देखने पहुँच जाती।
मीरा के घरवालों को अब उसकी शादी की चिंता सताने लगी है क्योंकि उसकी उम्र शादी की हो गई है। मीरा की मुलाकात एक बार डॉ. अर्जुन सचदेवा से होती है। मुलाकात धीरे-धीरे प्यार में बदल जाती है। मीरा को महसूस होने लगता है कि जिंदगी में क्रिकेट के अलावा भी बहुत कुछ है।
|
इस फिल्म का निर्देशन चंद्रकांत कुलकर्णी ने किया है, जो मराठी सिनेमा में एक जाना-पहचाना नाम है। चंद्रकांत ने यह फिल्म बहुत पहले पूरी कर ली थी, लेकिन यह फिल्म अब प्रदर्शित होने जा रही है।
इसी बीच अनिल कुंबले ने भी संन्यास ले लिया, जो कि इस फिल्म में एक स्टार दिखाए गए हैं। इससे फिल्म पर प्रतिकूल असर पड़ना स्वाभाविक है। मंदिरा का नायिका के रूप में चयन शायद इसलिए किया गया है क्योंकि मैचों के दौरान वे टीवी पर क्रिकेट पर टिप्पणी करती हुई दिखाई देती थीं। लेकिन उनके बजाय किसी युवा नायिका को लिया जाता तो बेहतर होता।
सुनने में आया है कि अनिल कुंबले इस फिल्म के निर्माता-निर्देशक से नाराज हैं क्योंकि फिल्म की पब्लिसिटी में उन्हें मंदिरा बेदी के साथ बिस्तर पर दिखाया गया है। अनिल अपनी साफ-सुथरी छवि का बेहद ध्यान रखते हैं।

