1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sonu sood car seized by moga police stopped him going polling booth

सोनू सूद को मोगा के पोलिंग बूथ पर जाने से रोका, चुनाव आयोग ने जब्त की एक्टर की कार

sonu sood
बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद की बहन मालविका सूद पंजाब के मोगा से चुनाव लड़ रही हैं। पंजाब में आज वोटिंग हो रही है। इस बीच चुनाव आयोग ने सोनू सूद को मोगा में मतदान केंद्रों पर जाने से रोक दिया है। मोगा पुलिस ने एक्टर की कार भी जब्त कर ली है। 
 
अकाली दल की शिकायत पर चुनाव आयोग ने निर्देश दिए जिसके बाद मोगा पुलिस ने एक्शन लिया है। अकाली दल ने सोनू सूद की अपने बूथ के अलावा दूसरे बूथों में जाने की शिकायत की थी। सोनू सूद पर वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगा है।
 
खबरों के अनुसार जिला पीआरओ प्रभदीप सिंह ने कहा कि सोनू सूद एक पोलिंग बूथ के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनकी कार जब्त की गई और उन्हें घर भेजा गया। अगर वे घर से बाहर निकलेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 
वही सोनू सूद ने कहा कि हमें कई पोलिंग बूथों पर विपक्ष की ओर से धमकी भरे कॉल आने की जानकारी मिली थी। ये कॉल विशेषकर अकाली दल के लोगों की थीं। कई बूथों पर पैसे बांटे जा रहे हैं। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम वहां जाएं और चेक करने के साथ ही निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करें। इसलिए हम वहां गए थे।
 
इससे पहले सोनू सूद ने आरोप लगाया था कि मोगा में दूसरे दलों के उम्मीदवार वोट खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। सोनू सूद ने ट्वीट किया था कि 'दूसरे उम्मीदवार मोगा में वोट खरीद रहे हैं। चुनाव आयोग को इस मामले में तुरंत एक्शन लेना चाहिए।
 
अगला लेख
अजय देवगन की 'दृश्यम 2' में हुई अक्षय खन्ना की एंट्री, निभाएंगे यह किरदार