शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sharmila tagore honoured at iffd delhi 2026
Last Modified: गुरुवार, 19 मार्च 2026 (13:15 IST)

IFFD 2026 में सजेगा सिनेमा का महाकुंभ, दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर होंगी सम्मानित

IFFD 2026
भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली 2026 में सम्मानित किया जाएगा। 25 से 31 मार्च तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाला यह भव्य फिल्म महोत्सव इस साल खासतौर पर चर्चा में है, जहां सिनेमा की विविधता और वैश्विक कहानियों का संगम देखने को मिलेगा।
 
IFFD 2026 सिर्फ एक फिल्म फेस्टिवल नहीं, बल्कि सिनेमा प्रेमियों के लिए एक सांस्कृतिक उत्सव है। इस साल 100 से अधिक देशों से 2,187 फिल्मों की एंट्री मिली है, जिनमें 1,372 अंतरराष्ट्रीय और 815 भारतीय फिल्में शामिल हैं। नई दिल्ली के मल्टीप्लेक्स, ओपन-एयर लोकेशंस और भारत मंडपम में इन फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
शर्मिला टैगोर का करियर भारतीय सिनेमा के सबसे समृद्ध अध्यायों में से एक है। उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत महान निर्देशक सत्यजीत रे की फिल्म अपूर संसार से की, जिसने उन्हें रातोंरात पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में कश्मीर की कली, आराधना और अमर प्रेम जैसी सुपरहिट फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज किया।
 
उनकी खासियत सिर्फ उनकी खूबसूरती नहीं, बल्कि उनकी अभिनय की गहराई और विविधता रही है। रोमांटिक किरदारों से लेकर गंभीर और सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों तक, उन्होंने हर भूमिका में अपनी छाप छोड़ी।
 
शर्मिला टैगोर को उनके शानदार योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है, जिनमें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्म भूषण शामिल हैं। वे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से हैं जिन्होंने हिंदी और बंगाली दोनों सिनेमा में बराबर सफलता हासिल की।
 
सम्मान पर क्या बोलीं शर्मिला टैगोर
इस सम्मान को लेकर उन्होंने कहा कि फिल्म फेस्टिवल ऐसे मंच होते हैं, जहां दुनिया भर का सिनेमा एक साथ आता है और नए संवाद की शुरुआत होती है। उन्होंने IFFD का हिस्सा बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि वे विविध कहानियों और आवाजों का जश्न मनाने के लिए उत्साहित हैं।
ये भी पढ़ें
नोरा फतेही के गाने 'सरके चुनर' पर मचा बवाल, सभी भाषाओं में हटाया गया, NCW ने भेजा नोटिस