नोरा फतेही के गाने 'सरके चुनर' पर मचा बवाल, सभी भाषाओं में हटाया गया, NCW ने भेजा नोटिस
बॉलीवुड की 'डांसिंग क्वीन' नोरा फतेही अक्सर अपने शानदार मूव्स के लिए सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन इस बार वह अपने नए गाने 'सरके चुनर' को लेकर विवादों के घेरे में हैं। कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' के इस गाने के विवादित बोल को लेकर जमकर बवाल मचा हुआ है।
गाने के बोल को लेकर शुरू हुए विरोध के बाद सिंगर मंगली को सार्वजनिक रूप से माफी मांगना पड़ी है। उन्होंने स्वीकार किया कि लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और गायक के तौर पर वह इसका सम्मान करती हैं। उन्होंने बताया कि गाने का नया वर्जन जल्द ही सामने आएगा।
विवाद बढ़ने के बाद गाने के सभी वर्जन- हिंदी, कन्नड़, मलयालम, तमिल और तेलुगु को यूट्यूब से हटा दिया है। वहीं अब नोरा फतेही ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि उन्हें बिल्लुक भी अंदाजा नहीं था कि यह इतना भद्दा है।
नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह कह रही हैं, तीन साल पहले मैंने इस गाने को कन्नड़ भाषा में शूट किया था। मैंने यह गाना इसलिए किया क्योंकि यह एक बड़ी फिल्म थी और इसमें बड़े अभिनेता संजय दत्त हैं। मुझे फिल्म मेकर्स पर भी काफी भरोसा था, इसलिए मैं इस गाने को करने के लिए राजी हो गई।
नोरा ने कहा, जब मैंने यह गाना शूट किया तो मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह इतना भद्दा है, क्योंकि कन्नड़ मुझे नहीं आती। लेकिन जब मैंने इसको हिंदी में सुना तो मुझे समझ में आया कि यह बेहद भद्दा है। मैंने कहीं भी इसे प्रमोट नहीं किया।
नोरा ने कैप्शन में लिखा, मैं बिल्कुल नहीं चाहती कि कोई यह सोचे कि मैं इस चीज का समर्थन करती हूं। जो भी विरोध हुआ है, उसके लिए मैं धन्यवाद देना चाहती हूं, क्योंकि इसी दबाव की वजह से मेकर्स ने आखिरकार उस गाने को हटा दिया। मैं सभी से यह भी अनुरोध करती हूं कि कृपया उस गाने को आगे शेयर करना बंद करें, क्योंकि ऐसा करके आप उसे बेवजह और प्लेटफॉर्म दे रहे हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान
NCW ने 'सरके चुनर तेरी' गानेमें अश्लीलता और अभद्रता पर स्वत: संज्ञान लेते हुए नोरा फतेही, रकीब आलम, संजय दत्त, वेंकट के नारायण और किरण कुमार को समज जारी कर पेश होने का आदेश दिया है। सभी को 24 मार्च को पेश होने को कहा गया है।