33 साल बाद खलनायक बनकर लौट रहे संजय दत्त, 'खलनायक रिटर्न्स' के टीजर में दिखा खूंखार अंदाज
बॉलीवुड के इतिहास में कुछ किरदार ऐसे होते हैं जो समय की धूल में दबने के बजाय और भी चमकदार हो जाते हैं। ऐसा ही एक किरदार है 'बल्लू बलराम'। साल 1993 में रिलीज फिल्म 'खलनायक' में जब संजय दत्त ने पर्दे पर 'नायक नहीं खलनायक हूं मैं' गाया था, तो पूरे देश में एक लहर दौड़ गई थी।
इस फिल्म में संजय दत्त ने 'बल्लू बलराम' नाम के खलनायक का किरदार निभाया था। वहीं फिल्म में माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ भी नजर आए थे। 'खलनायक' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन किया था। अब 33 साल बाद संजय दत्त एक बार फिर खलनायक बनकर लौट रहे हैं।
हाल ही में मुंबई में आयोजित एक भव्य इवेंट में फिल्म 'खलनायक रिटर्न्स' का आधिकारिक ऐलान किया गया। इस मौके पर फिल्म का टीजर और पोस्टर भी रिलीज किया गया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। फिल्म की घोषणा करते हुए संजय दत्त ने एक बेहद भावुक और दिलचस्प खुलासा भी किया।
टीजर में दिखा बल्लू का 'रग्ड' लुक
टीजर में संजय दत्त अपने उसी आइकॉनिक अंदाज़ में नजर आ रहे हैं, लेकिन इस बार उनका लुक पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और मैच्योर है। पहला ही सीन खौफनाक और खून-खराबे से भरा हुआ है। टीजर में एक डायलॉग सुनाई देता है— 'कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं, वो दोबारा शुरू होती हैं।'
एक अन्य डायलॉग में संजय कहते हैं, 'बोला था ना, रात के 10 बजे बल्लू जेल से फुरररर.. नायक नहीं खलनायक हूं मैं।' टीजर ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म पुरानी कहानी को एक नए सिरे से और आधुनिक दर्शकों के हिसाब से पेश करेगी।
संजय दत्त ने बताया कि 'खलनायक' को आगे ले जाने का विचार उन्हें तब आया जब वे जेल में अपनी सजा काट रहे थे। उन्होंने कहा, जेल में मैंने अपने आसपास के लोगों से पूछा कि क्या वे बल्लू को दोबारा देखना चाहेंगे? वहां मौजूद 4,000 कैदियों ने एक सुर में 'हां' कहा। मैंने उन सभी से एक-एक पेज पर अपनी राय लिखने को कहा। उन 4,000 पन्नों को पढ़ने के बाद मुझे यकीन हो गया कि इस कहानी में अभी बहुत कुछ बाकी है।
जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद, संजय ने यह विचार फिल्म निर्माता सुभाष घई के सामने रखा, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी खुशी-खुशी सहमति दे दी। संजय दत्त की कंपनी 'थ्री डायमेंशन मोशन पिक्चर्स' और प्रोड्यूसर अक्शा कंबोज की 'आस्पेक्ट एंटरटेनमेंट' ने मिलकर सुभाष घई की 'मुक्ता आर्ट्स' से इस फिल्म के कानूनी अधिकार खरीदे हैं। फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्शन की कमान जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे के हाथों में है।
इवेंट के दौरान सुभाष घई ने संजय दत्त की तारीफ करते हुए कहा, संजू और मान्यता की यह दिली इच्छा थी कि इस फिल्म को बनाया जाए। मुझे पूरा विश्वास है कि यह सीक्वल मूल फिल्म से भी बेहतर साबित होगा। इस मौके पर संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म को लेकर उनके घर पर पिछले 10 सालों से चर्चा हो रही थी।
क्या लौटेंगे जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित?
हालांकि अभी तक केवल संजय दत्त के नाम की ही पुष्टि हुई है, लेकिन फैंस यह जानने को बेताब हैं कि क्या मूल फिल्म के सितारे जैकी श्रॉफ (राम) और माधुरी दीक्षित (गंगा) भी इस सफर का हिस्सा होंगे। मेकर्स ने फिलहाल कास्टिंग को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें