प्रशांत किशोर का बड़ा एलान, जानिए कहां से लड़ेंगे चुनाव?
Prashant Kishore news in hindi : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने कमर कस ली है। राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करने के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी राज्य के करगहर सीट से चुनाव लड़ने का एलान कर दिया।
प्रशांत किशोर ने एक डिजिटल न्यूज़ चैनल बिहार तक के कार्यक्रम में कहा कि वह रोहतास जिले की करगहर सीट से बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। प्रशांत ने कहा कि सभी लोगों को कहता हूं कि 2 जगहों से लड़ना चाहिए। एक कर्म भूमि और दूसरी जन्म भूमि। अगर जन्म भूमि की बात करें तो कराहगर मेरी जन्म भूमि है और मैं वहीं से चुनाव लड़ना चाहूंगा।
उल्लेखनीय है कि 2020 के चुनाव में करगहर सीट पर कांग्रेस के संतोष मिश्रा ने जीत हासिल की थी। वहीं जेडीयू के वशिष्ठ सिंह दूसरे नंबर पर रहे थे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रशांत किशोर का करगहर से चुनाव लड़ने के ऐलान से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। यह सीट फिलहाल महागठबंधन के कब्जे में है और यहां से मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है।
बहरहाल प्रशांत किशोर के फैसले से राजद नेता तेजस्वी यादव को बड़ी राहत मिली है। प्रशांत के करगहर के साथ ही राघोपुर से भी चुनाव लड़ने की बात कही जा रही थी। खुद प्रशांत ने भी कहा था कि अगर नीतीश राघौपुर से चुनाव लड़ते हैं तो मैं भी यहां से चुनाव लड़ने को तैयार हूं।
edited by : Nrapendra Gupta