1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. बिहार विधानसभा चुनाव 2015
  4. Bihar election 2015 Shatrughna sinha

शत्रुघ्न सिन्हा का अमित शाह पर बड़ा हमला

पांच सितारा प्रेस कॉन्फ्रेंस से बचने और कार्यकर्ताओं का सम्मान करने की नसीहत

Bihar election 2015 Shatrughna sinha
पटना। पिछले कुछ समय से अपने बयानों के जरिए अपनी पार्टी को लगातार असहज स्थिति में डालने वाले भाजपा के सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी नेतृत्व को पांच सितारा होटलों में पत्रकार सम्मेलन करने की बजाय कार्यकर्ताओ को सम्मान देने की नसीहत दी है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के सोमवार को पटना में एक पांच सितारा होटल में किए गए संवाददाता सम्मेलन की ओर इशारा करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्‌वीट किया, 'पांच सितारा पत्रकार सम्मेलनों से अधिक जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की जरूरत है। एक अन्य ट्‌वीट में उन्होंने पहले और दूसरे चरण के मतदान में पार्टी के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया और कहा कि हो सकता है मेरा अनुमान गलत निकले। 
 
हालांकि उन्होंने कहा, 'उम्मीद है कि अगले तीन चरणों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से लोकसभा के सदस्य हैं लेकिन बिहार में अपनी पार्टी के चुनाव अभियान से दूरी बनाए हुए हैं। सोमवार की रात को कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला से दिल्ली में हुई उनकी मुलाकात को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि इस मुलाकात के तुरंत बाद सुरजेवाला ने अटकलों को ठंडा करने के लिए ट्‌वीट कर इस मुलाकात को निहायत निजी और गैर राजनीतिक बताया।
 
शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले दो दिनों मे पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर कई ट्‌वीट किए हैं। उन्होंने शनिवार को ट्‌वीट किया था कि उनके बयान पार्टी और बिहार के व्यापक हित में हैं। शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वे न तो असंतुष्ट हैं, न ही 'पार्टी के चमचों' की करतूतों से विचलित।
 
शॉटगन ने ट्‌वीट किया था, 'मुझे नाराज, असंतुष्ट, नकारात्मक आदि विशेषण देने वाले पार्टी के निहित स्वार्थी तत्वों, चमचों और उनके करीबी लोगो को मैं बता देना चाहता हूं, कि मैं बिल्कुल शांत हूं और जरा भी चिंतित नही हूं। मैंने जो भी कहा, किया या करूंगा वह बिहार के लोगों और अपनी पार्टी की भलाई में ही होगा।'
 
उन्होंने आगे लिखा, 'बिहारी बाबू सिर्फ बिहार में शांति, समृद्धि, तरक्की और विकास में रुचि रखता है, इससे कोई फर्क नही पड़ता कि ये सब कहां से आता है। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों में कटौती किए जाने को लेकर उन्होंने लिखा था, 'अंतिम क्षणों में मोदी की रैलियां रद्द होने से लोगों के बीच नकारात्मक संदेश गया है।
 
इसके पहले उन्होंने ने दाल की बेतहाशा बढ़ी कीमतों को लेकर ट्‌वीट किया था कि इस समय दाल के भाव दो सौ रुपए किलो से अधिक हो गए हैं। केंद्र सरकार को बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए तत्काल कदम उठाना चाहिए। प्याज की बढ़ी कीमतों ने जो आंसू निकाले थे, उनको भूलना नहीं चाहिए।
 
लेखक के बारे में
अनिल जैन