नए रूप में ऐश्वर्या!
|
जोधा-अकबर में जोधा की भूमिका निभाने वाली ऐश्वर्या ने कहा कि रोबोट के निर्देशक शंकर ने उन्हें स्क्रिप्ट सुनाई। उन्होंने पूरे प्रस्ताव पर काम करने को कहा। बच्चन परिवार की बहू रोबोट में लीड भूमिका निभाएँगी। नायक रजनीकांत होंगे।
रजनीकांत की पिछली फिल्म शिवाजी हिट हो चुकी है। ऐश्वर्या ने रजनीकांत के कौशल और क्रिएटिविटी से खासी प्रभावित हैं। शंकर और रजनीकांत को उन्होंने सुपर इंटरटेनर बताया।
खास बात ये है कि शंकर ने ऐश्वर्या को 1998 में तमिल फिल्म जीन्स में निर्देशित किया था। भई, बच्चन बहू की अदा कुछ निराली ही है।
आमिर का पाँचवा कदम : अब बात अपने मिस्टर परफैक्शनिस्ट आमिर खान की। जी हाँ, आमिर खान ने सिगरेट पीनी छोड़ दी है।
उन्होंने अपने ब्लॉग पर लिखा है कि अपनी दिनचर्या दुरुस्त करने के लिए वह पाँच कदम उठाने जा रहे हैं। इनमें पहले नंबर पर सिगरेट छोड़ना है। फिल्म तारे जमीन पर की रिलीज से पहले तनाव में आकर आमिर ने सिगरेट पीनी शुरू कर दी थी।
अपने प्रशंसकों से उन्होंने वादा किया था कि 31 दिसंबर, 2007 को वह सिगरेट छोड़ देंगे। इस आदत को छोड़ने में हुई तीन हफ्ते की देरी के लिए आमिर ने प्रशंसकों से माफी माँगी है।
उन्होंने दूसरे कदम के तौर पर जल्दी सोने, तीसरे कदम के रूप में कसरत करने और चौथे कदम के रूप में पौष्टिक भोजन फिर से शुरू करने पर जोर दिया है। सबसे रोचक पाँचवाँ कदम है। पहले के चारों कदम पर अमल करना ही उनका पाँचवाँ कदम है।
काम के बोझ में पिस रहे आमिर अब थोड़ा आराम चाहते हैं, लेकिन 22 जनवरी से वो नई फिल्म गजनी की शूटिंग शुरू कर चुके हैं। फिर 'तारे जमीन पर' की डीवीडी लाने की भी तैयारी करनी है।
आमिर खान प्रोडक्शन की अगली फिल्म जाने तू... पर नजर रखने के अलावा वह अपनी नई फिल्म 'दिल्ली बेली' और एक अन्य अनाम फिल्म के प्रोडक्शन का काम शुरू करेंगे। इतना काम करने के बाद वह आराम कैसे कर पाएँगे, पता नहीं।
शत्रुघ्न की समझदारी : फिल्म अभिनेता से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद विज्ञापन जगत में उतरने की तैयारी कर ली है।
|
हीरोइनों का एक्शन : बॉलीवुड अभिनेत्रियों को फिल्मों में अब पेड़ों के इर्द-गिर्द चक्कर काटना पसंद नहीं है। अब इन अभिनेत्रियों को भी एक्शन हीरो की तरह ही मारधाड़ वाली फिल्में करना पसंद आ रहा है।
चाहे बात ऐश्वर्या राय, दीपिका पादुकोण, बिपाशा बसु, कैटरीना कैफ या कोएना मित्रा की हो, सभी के बीच यह नया चलन जोर पकड़ता जा रहा है।
दर्शकों को दीपिका की अगली फिल्म 'चाँदनी चौक टू चायना' में कुछ एक्शन दृश्य देखने को मिलेंगे। इस फिल्म में दीपिका अक्षय कुमार के साथ काम कर रही हैं।
दूसरी ओर प्रियंका चोपड़ा फिल्म लव स्टोरी 2050 में, ऐश्वर्या राय जोधा-अकबर में और कोएना मित्रा 'कर्ण' में दर्शकों को अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगी। इन फिल्मों में बॉलीवुड की अदाकाराओं ने एक्शन दृश्यों को फिल्माया है।
सच में इसे देखकर तो यही लगता है कि वो दिन दूर नहीं जब बॉलीवुड की हीरोइन हॉलीवुड की हीरोइनों को पछाड़ देंगी।
सुभाष घई की वापसी : बॉलीवुड के शोमैन कहे जाने वाले निर्माता-निर्देशक सुभाष घई फिल्म 'ब्लैक एंड व्हाइट' से तीन साल के अंतराल के बाद बतौर निर्देशक वापसी करेंगे।
निर्देशक के रूप में 'यादें' (2001) और 'किसना' (2005) के बॉक्स ऑफिस पर पिटने के बाद घई ने निर्माता के तौर पर 'इकबाल', '36 चाईना टाउन', 'अपना सपना मनी-मनी', 'गुड ब्वॉय बैड ब्वॉय' और हाल में रिलीज 'बांबे टू बैंकॉक' जैसी फिल्मों का निर्माण किया।
इस बीच वह अपने फिल्म प्रशिक्षण संस्थान 'व्हिसलिंग वुड्स' की स्थापना में भी व्यस्त रहे। लेकिन, इस वर्ष निर्देशक के रूप में उनकी एक के बाद एक तीन फिल्में आने वाली हैं।
'ब्लैक एंड व्हाइट' मार्च में प्रदर्शित होगी उसके बाद 'युवराज' और 'पेइंग गेस्ट' की बारी है। 'ब्लैक एंड व्हाइट' को घई ने अपने 30 वर्ष के करियर की सर्वाधिक चुनौतीपूर्ण फिल्म करार दिया है। अब देखने वाली बात तो ये होगी कि सुभाषजी की ये वापसी कितना रंग लाती है।

