1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
  6. आखिरी बुलफाइट
Written By BBC Hindi

आखिरी बुलफाइट

बार्सिलोना बुल फाइट
BBC
स्पेन के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र कैटालोनिया में आखिरी बुलफाइट यानि सांड़ों की लड़ाई रविवार को संपन्न हुई। बुलफाइट की इस प्राचीन परंपरा को कैटेलोनिया इलाके में प्रतिबंधित करने का फैसला लिया गया था।

प्रतिबंध से पहले बार्सिलोना के प्राचीन अखाड़े में रविवार को हुई आखिरी लड़ाई को देखने के लिए 20,000 दर्शक पहुंचे।

कैटालोनिया के कानून निर्माताओं ने 1,80,000 लोगों की दस्तखत वाली याचिका पर गौर करते हुए पिछले साल सांड़ों की लड़ाई पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में मतदान किया था। कानून निर्माताओं का कहना है कि ये खेल बर्बरतापूर्ण है, जबकि उनके विरोधी प्रतिबंध के फैसले को स्पेन की उच्च अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं।

टिकटें बिकीं : सांडों की लड़ाई पर औपचारिक प्रतिबंध अगले साल एक जनवरी से लागू होगा, लेकिन रविवार को कैटेलोनिया में हुई लड़ाई 2011 के सत्र की आखिरी बुलफाइट थी।

इस लड़ाई में स्पेन के शीर्ष मेटाडोर यानि सांडों से लड़नेवाले लड़ाकों ने अखाड़े में जमकर अपना हुनर दिखाया। सांड युद्ध के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता इस प्रतिबंध को स्पेन के दूसरे इलाकों में भी लागू करवाना चाहते हैं।

बार्सिलोना में हुई इस ऐतिहासिक बुलफाइट को देखने के लिए सारी टिकटें पहले ही बिक चुकी थीं। टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग भी की जा रही थी जहां उनकी वास्तविक कीमत से पांच गुना ज्यादा कीमत वसूली गई।

बार्सिलोना के बहुचर्चित 'ला मॉन्यूमेंटल' अखाड़े में जुटी 20,000 दर्शकों की भीड़ अप्रत्याशित थी क्योंकि पिछले कुछ समय से इस खेल की लोकप्रियता कम हुई है और यही वजह है कि क्षेत्रीय संसद ने इसे प्रतिबंधित करने के पक्ष में मतदान किया।
लेखक के बारे में
BBC Hindi