• Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. रतलाम
Written By Naidunia
Last Modified: रतलाम , रविवार, 22 जनवरी 2012 (00:39 IST)

स्टेशन पर अब 24 घंटे पानी

स्टेशन पर अब 24 घंटे पानी -
रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को 24 घंटे पानी मिल रहा है। पूर्व में ट्रेनों की आवाजाही के दौरान ही नल चालू होकर बंद हो जाते थे। रेल प्रशासन ने आरओ प्लांट लगाकर हर समय जलापूर्ति की व्यवस्था कर दी है। रेलवे कॉलोनी में भी जल व्यवस्था सुचारु की जा रही है। इसके लिए नए टैंकों के निर्माण के साथ पाइप लाइन बदलने की योजना बनाई गई है। इस पर 50 लाख रुपए से अधिक खर्च होंगे।


रेलवे सूत्रों के अनुसार रतलाम के मुख्य प्लेटफॉर्म क्र. 4 पर 65 तथा पूरे स्टेशन परिसर में 198 टोटियाँ लगी हैं। इन्हें जावरा फाटक क्षेत्र में बनाए गए टैंक से जोड़ा गया है। वर्तमान में रेलवे को कुरेल बाँध से पानी मिल रहा है। आवश्यकता पड़ने पर माही नदी का पानी भी उपयोग में लिया जाता है। जावरा फाटक क्षेत्र में बना टैंक 1 लाख लीटर क्षमता वाला है। स्टेशन और रेलवे कॉलोनी में इसके अलावा 7-8 अन्य टैंक भी हैं, जहाँ से पानी रेलकर्मियों और यात्रियों तक पहुँचता है। रेल प्रशासन द्वारा वर्तमान में रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रोड क्रमांक 2 ओल्ड कॉलोनी, रोड क्रमांक 13 के सामने खेल मैदान के समीप और रेलवे चिकित्सालय के पीछे नए टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है। इन सभी की क्षमता 3-3 लाख लीटर पानी की होगी। रेलवे को प्रतिदिन 44 लाख लीटर पानी की आवश्यकता पड़ती है। पूर्व में नगर निगम से उसे 10 लाख गैलन पानी मिलता था। मगर पिछले 2-3 वर्षों से यह आपूर्ति बंद हो गई है। नगर निगम द्वारा शहर में चल रही पाइप लाइन बदलने की योजना पूर्ण होने पर पानी देने का आश्वासन दिया गया है। रेलवे द्वारा भी इसके मद्देनजर दो से ढाई किलोमीटर क्षेत्र में पाइप लाइन बदलने की योजना बनाई गई है। कुरेल बाँध से समपार फाटक क्र. 88 तक का कार्य मंजूर भी हो गया है। इसकी निविदाएँ निकलने वाली हैं। इस कार्य पर 50 लाख खर्च होने का अनुमान है। -निप्र