सेंसेक्स बुरी तरह लहूलुहान
अमेरिकी बाजार की गिरावट का असर
मुंबई स्टॉक एक्सचेंज में शुक्रवार के दिन शेयर बाजार 500 अंकों की गिरावट के साथ खुला। इस गिरावट से कारोबारियों से दिल बैठ गए। लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, इसमें थोड़ा-सा सुधार हुआ। सेंसेक्स के बुरी तरह लहूलुहान होने की वजह अमेरिकी शेयर बाजार हैं। अमेरिकी शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ कल बंद हुआ। इसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ा। सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ, जिसमें 6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। नास्देक में भी गिरावट देखी गई। यूरोपीय बाजार में भी गिरावट के समाचार मिल रहे हैं। वहाँ लिस्टेड भारतीय कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है। समाचार लिखे जाने तक सेंसेक्स में थोड़ा सुधार देखने को मिला है। सूचकांक की गिरावट 350 से 390 अंकों की हो गई है। शेयर बाजार में दखल रखने वालों का मानना है कि जब तक विदेशी बाजार नहीं संभलता, यह गिरावट जारी रह सकती है।