मल्लिका शेरावत संग तेज प्रताप यादव का देसी फ्लर्ट, एक्ट्रेस का हाथ देख तेजू भैया ने बताया भविष्य
रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' इन दिनों सुर्खियों में हैं। शो में जब बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत और जनशक्ति दल के नेता तेज प्रताप यादव एक साथ ऑन-स्क्रीन आएं। शो 'भोजपुरी बवाल' का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही तहलका मचा दिया है।
इस प्रोमो में मल्लिका शेरावत और तेज प्रताप यादव एक साथ वर्कआउट करते और एक-दूसरे के साथ देसी अंदाज में फ्लर्ट करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं तेजू भैया ने मल्लिका का हाथ भी देखा और भविष्य बताया।
प्रोमो की शुरुआत एक वर्कआउट रूटीन से होती है। जहां मल्लिका शेरावत एकदम परफेक्ट फिटनेस फ्रीक की तरह एक्सरसाइज करती दिख रही हैं, वहीं तेज प्रताप यादव उनके साथ ताल से ताल मिलाने की पूरी कोशिश करते हैं। मल्लिका के दिए गए वर्कआउट स्टेप्स को फॉलो करने में तेजू भैया का पसीना छूट जाता है।
वर्कआउट के बीच अपने खास ठेठ देसी अंदाज में तेज प्रताप कह उठते हैं, 'यह बहुत हार्ड बा!' उनका यह रिएक्शन इस पूरे वीडियो का सबसे मजेदार मोमेंट बन गया है। शुरुआत में जो फिटनेस सेशन लग रहा था, वह धीरे-धीरे दोनों के बीच की चुलबुली बातचीत और मीठी नोक-झोक में बदल जाता है।
प्रोमो में सिर्फ एक्सरसाइज ही नहीं, बल्कि दोनों के बीच की बॉन्डिंग भी खूब ध्यान खींच रही है। मल्लिका शेरावत हरियाणवी टच के साथ तेज प्रताप की मुस्कान की तारीफ करती हैं, तो वहीं तेजू भैया भी पीछे कहां रहने वाले थे। वे मुस्कुराते हुए भोजपुरी में जवाब देते हैं, 'तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा, मल्लिका जी।'
इतना ही नहीं, प्रोमो की एक अन्य क्लिप में मल्लिका, तेज प्रताप से अपना हाथ देखने और भविष्य बताने को कहती हैं। इस पर तेज प्रताप किसी मझे हुए ज्योतिषी की तरह मल्लिका की हथेली पढ़ते हुए कहते हैं कि उनका भविष्य काफी उज्ज्वल है, लेकिन लोग उन्हें दुख भी पहुंचाते हैं।
जब दोनों को पता चलता है कि वे दोनों ही तुला राशि के हैं, तो तेज प्रताप उन्हें सूर्य की स्थिति मजबूत करने के लिए पुखराज पहनने की सलाह देते हैं। इस पर मल्लिका का तुरंत शरारती जवाब आता है— "और कितना तेज चाहिए, तेज जी?"
इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में नेटिजन्स जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग तेज प्रताप की वर्कआउट करने की कोशिश और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ यूजर्स इस अनोखे कॉम्बिनेशन को देखकर शो के मेकर्स के आइडिया की सराहना कर रहे हैं।

