EPFO का बड़ा अपडेट! अब UPI से मिनटों में निकाल सकेंगे PF का पैसा, टेस्टिंग पूरी, कैसे काम करेगी नई सुविधा
अगर आपका भी PF (Provident Fund) EPFO में जमा होता है, तो जल्द ही आपको बड़ी राहत मिलने वाली है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) बहुत जल्द UPI के जरिए PF निकालने की नई सुविधा शुरू कर सकता है। इससे करोड़ों कर्मचारियों को लंबी प्रक्रिया और बार-बार क्लेम करने की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है। लेकिन ध्यान रहे इसका लाभ तभी मिलेगा जब आपका KYC, बैंक अकाउंट, मोबाइल नंबर और बाकी EPFO रिकॉर्ड पूरी तरह अपडेट हों। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि इस नई सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। इसके लागू होने के बाद EPFO सदस्य UPI के माध्यम से सीधे अपने बैंक खाते में PF की रकम ट्रांसफर कर सकेंगे।
लंबित मामलों में भी आई कमी
श्रम मंत्रालय के अनुसार, EPFO ने शिकायतों और कानूनी मामलों के निपटारे में भी तेजी लाई है। निधि आपके निकट कार्यक्रम के तहत पुराने मामलों को तेजी से सुलझाने का काम किया जा रहा है। अप्रैल 2024 में लंबित उपभोक्ता मामलों की संख्या 4,936 थी, जो मार्च 2026 तक घटकर 2,646 रह गई।
क्या होगा सबसे बड़ा फायदा?
अभी PF निकालने के लिए यूजर्स को ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है और कई बार प्रोसेसिंग में कई दिन लग जाते हैं। लेकिन नए UPI सिस्टम के आने के बाद निकासी प्रक्रिया काफी तेज और आसान हो जाएगी।
नई सुविधा के तहत सदस्य
-
अपने खाते में उपलब्ध PF राशि देख सकेंगे
-
लिंक्ड UPI ID और PIN का उपयोग कर सकेंगे
-
पैसा सीधे आधार-लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर पाएंगे
-
ट्रांसफर के बाद ATM, ऑनलाइन पेमेंट और अन्य जरूरतों में रकम इस्तेमाल कर सकेंगे
-
7 करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा
EPFO के इस कदम से देशभर के 7 करोड़ से ज्यादा सदस्यों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर इमरजेंसी में पैसा निकालना पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान हो सकता है।
WhatsApp पर भी मिलेगी EPFO सुविधा
श्रम मंत्रालय EPFO सेवाओं को WhatsApp से जोड़ने की तैयारी भी कर रहा है। जल्द ही सदस्य EPFO के वेरिफाइड WhatsApp नंबर पर मैसेज भेजकर कई जरूरी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
संभावित सेवाएं
-
PF बैलेंस चेक
-
पिछले 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी
-
क्लेम स्टेटस
-
आधार और DBT से जुड़ी मदद
-
स्थानीय भाषाओं में सपोर्ट
-
यह सेवा 24x7 उपलब्ध रहने की संभावना है।
ऑटो-सेटलमेंट लिमिट भी बढ़ी
EPFO ने क्लेम के ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम को भी मजबूत किया है। अब ऑटो-सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। इससे पात्र सदस्यों को बिना मानवीय हस्तक्षेप के 3 दिन के भीतर पैसा मिल सकता है। यह सुविधा बीमारी, शिक्षा, शादी और घर जैसी जरूरतों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें