1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. UN News
  4. attack on a busy shopping centre, Kharkiv

ख़ारकीव शॉपिंग केन्द्र पर रूसी हमले बिल्‍कुल बर्दाश्‍त नहीं

Humanitarian Mission Proliska
यूक्रेन के ख़ारकीव में एक शॉपिंग केन्द्र पर शनिवार को रूसी सेनाओं के हमले में कम से कम चार लोग मारे गए हैं और 40 से अधिक घायल हुए हैं।
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता संयोजक डेनिस ब्राउन ने इस हमले की कड़े शब्दों में निन्दा की है और आम लोगों की हिफ़ाज़त सुनिश्चित किए जाने का आहवान किया है। डेनिस ब्राउन ने एक वक्तव्य जारी करके कहा है, ‘मैं ख़ारकीव से आ रहीं भयभीत कर देने वाली ख़बरों पर हतप्रभ और व्यथित हूं’

उन्होंने कहा है कि इस शहर में लोग पहले से ही हर दिन अनेक तरह की तकलीफ़ों और झटकों का सामना कर रहे हैं। शनिवार को दोपहर बाद उनकी ज़िन्दगियां एक बार फिर रूसी सेनाओं के एक अन्य हमले की चपेट में आ गईं।

इस हमले में एक व्यस्त शॉपिंग केन्द्र को निशाना बनाया गया जिसमें अनेक आम लोग हताहत हुए हैं और बड़े पैमाने पर ढांचागत नुक़सान भी हुआ है।

संयुक्त राष्ट्र की वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि रूसी सेनाओं द्वारा नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले रुकने होंगे। उन्होंने साथ ही ध्यान दिलाया है कि किसी नागरिक ढांचे को निशाना बनाकर, इरादतन किया गया हमला, अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून के तहत निषिद्ध है। ख़ारकीव के मेयर आइहोर तेरेख़ॉव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट मनें इस हमले को ‘शुद्ध आतंकवाद’ क़रार दिया है।

दूसरा हमला: यूएन सूत्रों के अनुसार, शनिवार को ही एक अन्य हमले में, कम से कम 12 लोग हताहत हुए हैं। रूसी सेनाओं की बढ़त के बाद यूक्रेन का पूर्वोत्तर क्षेत्र ख़ारकीव अब युद्ध का अग्रिम मोर्चा बन गया है।

यूएन मानवाधिकार कार्यालय के एक प्रवक्ता के अनुसार रूसी सेनाओं द्वारा इस क्षेत्र में 10 मई को सीमा पार से किए गए हमलों के बाद कम से कम 35 लोग मारे गए हैं और लगभग 137 लोग मारे गए हैं।

इन हमलों में हताहत हुए लोगों में आधी संख्या उन लोगों की है जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी और वो लोग जो या तो ये इलाक़ा छोड़ने में असमर्थ थे, या जो लोग इस इलाक़े में स्थित अपने घरों को छोड़कर नहीं जाना चाहते थे।
अगला लेख
Papua New Guinea Landslide: 670 लोगों की मौत की आशंका