मिस इंडिया बनी ''कैकयी''
रामायण से शिखा स्वरूप की वापसी
जीटीवी पर 12 अगस्त से पौराणिक धारावाहिक रामायण शुरू हो रहा है। इसमें कैकयी के किरदार में शिखा स्वरूप नजर आएंगी। मिस इंडिया बनने के बाद छोटे पर्दे पर चंद्रकांता का किरदार निभाने वाली शिखा लंबे समय बाद वापसी कर रही हैं।
PR |
इस बारे में शिखा ने कहा, जी हां, मुझे जीटीवी के धारावाहिक रामायण में कैकयी का रोल अदा करने के लिए साइन किया गया है। इस शो के जरिए जीटीवी उस दौर को एक बार फिर साकार करना चाहता है, जब दूरदर्शन पर रामायण देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार करते थे।
शिखा कहती हैं कि मैं कैकयी के रोल को लेकर बहुत उत्साहित हूं। ऐसी क्षत्रिय महारानी का रोल निभाना वाकई चुनौतीपूर्ण है, जिसमें कुछ निगेटिव शेड भी हैं। मुझे इस प्रतिष्ठित किरदार को करने में बहुत मजा आएगा। मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी ओर से कुछ खास प्रभाव जोड़ सकूंगी।
इस बारे में धारावाहिक की प्रोड्यूसर मीनाक्षी सागर ने कहा, मुझे लगता है कि शिखाजी कैकयी की भूमिका में जबर्दस्त आकर्षण पैदा करेंगी। वे पहले भी अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकी हैं। मिस इंडिया का ताज पहनने के 25 साल बाद भी वो आज उतनी ही आकर्षक नजर आती हैं।
