परेश रावल ने बताया कैसे उनकी कहानी बनी 'OMG 2', लेकिन क्रेडिट किसी और को मिला
साल 2023 की सबसे चर्चित और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही फिल्म 'ओएमजी 2' (OMG 2) एक बार फिर सुर्खियों में है। पंकज त्रिपाठी और अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की खूब सराहना मिली थी। लेकिन अब, इस फिल्म की मूल कहानी को लेकर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में परेश रावल ने दावा किया है कि 'OMG 2' का ओरिजिनल कॉन्सेप्ट और आइडिया उनका था, जिसे उन्होंने खुद तैयार किया था, लेकिन फिल्म की रिलीज के वक्त उन्हें इसका कोई क्रेडिट नहीं दिया गया।
परेश रावल ने बताया कि उन्होंने फिल्म 'रोड टू संगम' के निर्देशक अमित राय के साथ मिलकर इस पूरी कहानी का ताना-बाना बुना था। परेश ने स्पष्ट किया, 'मैं कोई लेखक नहीं हूं, इसलिए मैंने अमित से कहा था कि मैं फिल्म लिखूंगा नहीं, बल्कि आइडिया दूंगा और जहां भी हम गलत दिशा में जाएंगे, उसे ठीक करने में मदद करूंगा।'
परेश रावल के अनुसार, उनकी मूल कहानी एक ऐसे स्कूली छात्र के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो पकड़ा गया है। इसके बाद उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है, जिससे उस बच्चे और उसके परिवार की जिंदगी नर्क बन जाती है। इस ओरिजिनल ड्राफ्ट में लड़के के पिता खजुराहो मंदिर में एक टूरिस्ट गाइड थे।
बाद में, स्क्रिप्टिंग के दौरान डायरेक्टर अमित राय ने सुझाव दिया कि पिता के किरदार को खजुराहो के गाइड के बजाय महाकाल मंदिर का अंशकालिक पुजारी बनाया जाए। दोनों ने इस विषय की संवेदनशीलता और प्रामाणिकता को बनाए रखने के लिए देश के जाने-माने सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश कोठारी को भी इस प्रोजेक्ट से जोड़ा था और वे इस प्रक्रिया में गहराई से शामिल थे।
जब सलमान खान और अजय देवगन ने ठुकरा दिया रोल
परेश रावल ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उनके इस कॉन्सेप्ट में किसी भगवान या दिव्य शक्ति का कोई रोल नहीं था। वह कहानी को बेहद यथार्थवादी रखना चाहते थे, जहां पिता का मार्गदर्शन करने के लिए एक आम 'बाइकर' आता है। परेश ने इस बाइकर के रोल के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन और सलमान खान से संपर्क किया था।
उन्होंने बताया, मैंने अजय और सलमान दोनों को यह कॉन्सेप्ट समझाने की कोशिश की थी, लेकिन संभवतः इस विषय की संवेदनशीलता और संभावित विवाद के डर से उन्होंने इस फिल्म को करने से मना कर दिया।" दिलचस्प बात यह है कि परेश ने जानबूझकर अक्षय कुमार को इस रोल के लिए अप्रोच नहीं किया था, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि लोग इसे साल 2012 में आई उनकी सुपरहिट फिल्म 'ओएमजी' का सीक्वल समझें।
परेश रावल के मुताबिक, जब वह और अमित राय अभी स्क्रिप्ट पर काम ही कर रहे थे, तभी अमित ने उन्हें बताया कि अक्षय कुमार इस फिल्म में काम करने के लिए उत्सुक हैं। यह स्क्रिप्ट निर्माता अश्विन वर्दे के जरिए अक्षय तक पहुंची थी। अक्षय के आते ही फिल्म को कॉर्पोरेट रूप दिया गया और इसे 'OMG' फ्रेंचाइजी में बदलने का फैसला लिया गया, जिसके परेश सख्त खिलाफ थे।
जब अक्षय कुमार ने खुद परेश रावल से इस फिल्म में अभिनय करने का अनुरोध किया, तो परेश ने साफ तौर पर मना कर दिया। परेश ने कहा, मैंने अक्षय से कहा कि यह वह फिल्म नहीं है जिसकी मैंने कल्पना की थी। मेरी कहानी में भगवान की कोई भूमिका नहीं थी। अक्षय ने मुझे मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन मैं शुरुआत से इस स्क्रिप्ट के साथ जिया था और जानता था कि इसे क्या होना चाहिए था। इसीलिए मैं इस प्रोजेक्ट से पीछे हट गया।
परेश रावल ने बेहद निराशा जताते हुए कहा कि सबसे दुखद बात यह रही कि फिल्म की रिलीज के बाद उन्हें कहानी या कॉन्सेप्ट का कोई क्रेडिट नहीं दिया गया। उन्होंने कहा, अमित राय, अक्षय कुमार, अश्विन वर्दे, अजय देवगन, करण जौहर और सलमान खान... ये सभी अच्छी तरह जानते हैं कि यह मेरा आइडिया और मेरी कहानी थी। लेकिन मेरा नाम कहीं नहीं लिया गया।
बता दें कि परेश रावल के हटने के बाद इस फिल्म में पिता का मुख्य किरदार पंकज त्रिपाठी ने निभाया, जबकि अक्षय कुमार भगवान शिव के दूत के रूप में नजर आए।

