थोड़ा है बस थोड़े की जरूरत है
PR
‘थोड़ा है बस थोड़े की जरूरत है’ की कहानी कुलकर्णी परिवार की है। 1बीएचके फ्लैट में परिवार के 7 सदस्य रहते हैं। सबसे छोटे बेटे की शादी होती है और आठवाँ सदस्य इस छोटे से फ्लैट में रहने आता है। उसके बाद सभी के जीवन में बदलाव आता है। यह मध्यमवर्गीय परिवार ऐसे वक्त साथ में है जब संयुक्त परिवार टूट रहे हैं। कुलकर्णी परिवार की बहू मुग्धा परिवार को जोड़े रखने के लिए तमाम कोशिश करती है। मुग्धा और उसकी सास के बीच के बड़ा ही प्यारा रिश्ता इसमें दिखाया गया है। सीमित बजट में इस परिवार के सदस्य अपनी खुशियों को तलाशने की कोशिश करते हुए नजर आएँगे।
मुग्धा इस धारावाहिक का केन्द्रीय पात्र है, जिसके इर्दगिर्द कहानी घूमेगी। इस किरदार को निभाया है आरती सिंह ने। आरती कहती हैं ‘इस धारावाहिक की थीम और मेरा रोल मुझे पसंद आया, इसलिए मैंने इसमें काम करना मंजूर किया। भले ही इसकी पृष्ठभूमि शहरी हो, लेकिन यह संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़ा है। मेरा किरदार डोंबीवली में रहने वाली टिपिकल महाराष्ट्रीयन गर्ल का है जो अपने प्रेमी श्रीकांत से शादी करने के लिए अपने करियर को भी ठुकरा देती है। परिवार को एकजुट रखना ही उसका लक्ष्य है। इस धारावाहिक के पात्र दर्शकों को अपने जैसे ही लगेंगे इसलिए मेरा मानना है कि उन्हें यह शो पसंद आएगा।‘
इस धारावाहिक में दो प्रसिद्ध अभिनेत्रियाँ नीना कुलकर्णी, असावरी जोशी के साथ-साथ रोमित राज, हेमंत थाटी और आकांक्षा जुनेजा भी नजर आएँगे। 7 जून से इस धारावाहिक को कलर्स चैनल पर प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार शाम 7.30 पर देखा जा सकेगा।

