शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. share market breaks record of 28 years
Last Updated : शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2025 (16:23 IST)

शेयर बाजार आज फिर धड़ाम, टूट गया 28 साल का रिकॉर्ड, निवेशकों के लाखों करोड़ तबाह

सेंसेक्स 5 माह में अपने हाई से करीब 12000 अंक गिर चुका है जबकि निफ्टी में भी लगभग 4000 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

share market
Share Market news in hindi : भारतीय शेयर बाजारों में पिछले 5 माह से गिरावट का दौर जारी है। आज फिर सेंसेक्स और निफ्टी क्रेश हो गए। इस वजह से शेयर बाजार में पिछले 28 साल का रिकॉर्ड टूट गया। 27 सितंबर को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही अपने हाई पर थे। सेंसेक्स अपने हाई से करीब 12000 अंक गिर चुका है जबकि निफ्टी में भी लगभग 4000 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। लंबे समय से जारी गिरावट ने निवेशकों को हैरान कर दिया है। हालांकि कई लोगों का मानना है कि नया वित्त वर्ष भारतीय शेयर बाजार के लिए नई उम्मीदें लेकर आएगा। 
 
वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स में 1414 अंकों से की गिरावट दर्ज की गई, वहीं निफ्टी 420 अंक गिर गया। सेंसेक्स 73198 अंक पर आ गया जबकि एनएसई निफ्टी 22125 पर बंद हुआ। बताया जा रहा है 28 फरवरी को मार्केट खुलते ही निवेशकों के 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए।
 
क्या कहते हैं एक्सपर्ट : शेयर बाजार विशेषज्ञ योगेश बागौरा ने कहा कि बाजार में विकनेस अभी भी बनी हुई है। कुछ ब्लू चिप स्टॉक्स हाई से 60 फीसदी तक गिर गए हैं। इनमें कुछ निवेश की संभावना बन रही है। फिलहाल 21800 पर एक मजबूत सपोर्ट नजर आ रहा है। अगर यह टूटता है तो बाजार थोड़ा और खराब होगा।
 
बागौरा ने कहा कि 21800 का लेवल नहीं टूटने पर बाजार फिर 23200 तक आ सकता है। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल FII भारतीय बाजारों से दूर नजर आ रहे हैं। जब तक यह दौबारा नहीं लौटते, बाजार में रौनक नहीं आएगी।  
 
share market
टूटा 1996 का रिकॉर्ड : साल 1996 के बाद ये पहला मौका है जब शेयर बाजार में लगातार 5वें महीने गिरावट देखने को मिली है। 1996 में जुलाई से नवंबर तक निफ्टी में 26 फीसदी की गिरावट आई थी। वैसे निफ्टी के इतिहास में 1990 के बाद केवल 2 बार 5 महीने या उससे ज्यादा समय तक गिरावट दर्ज की गई है। सितंबर 1994 से अप्रैल 1995 तक 8 महीनों में इंडेक्स 31.4 फीसदी गिर गया था।
 
आज इन शेयरों में नुकसान : सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंफोसिस, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और मारुति के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। निफ्टी में आज लगभग सभी शेयर्स लाल निशान में दिखाई दे रहे हैं।  
 
अमेरिकी बाजार गुरुवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए तोएशियाई बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.69 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर सपाट रहा।