• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. रूस-यूक्रेन वॉर
  3. न्यूज़ : रूस-यूक्रेन वॉर
  4. What is SWIFT? how does it work,
Written By
Last Updated : रविवार, 27 फ़रवरी 2022 (18:39 IST)

क्या है SWIFT? कैसे करता है काम, रूस को कैसे और कितना होगा नुकसान?

क्या है SWIFT?  कैसे करता है काम, रूस को कैसे और कितना होगा नुकसान? - What is SWIFT? how does it work,
यूक्रेन (Ukraine) पर रूसी हमले के खिलाफ अमेरिका और उसके सहयोगी देशों एवं साझेदारों ने वैश्विक वित्तीय भुगतान तंत्र  (Global Finance Payment System) ‘SWIFT' से प्रतिबंधित रूसी बैंकों को अलग करने और रूस के केंद्रीय बैंक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कदम लागू करने का फैसला किया है।

अमेरिका, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन और कनाडा के नेताओं द्वारा शनिवार को जारी संयुक्त बयान के अनुसार, प्रतिबंधित रूसी कंपनियों और कुलीन वर्गों की संपत्तियों का पता लगाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक संयुक्त कार्य बल गठित किया गया है।

क्या है SWIFT?
‘सोसाइटी फॉर वर्ल्डवाइड इंटरबैंक फाइनेंशियल टेलीकम्युनिकेशन' (SWIFT) दुनिया की प्रमुख बैंकिंग संदेश सेवा है, जो भारत सहित 200 से अधिक देशों में लगभग 11,000 बैंकों और वित्तीय संस्थानों को जोड़ती है।

इस प्रणाली को वैश्विक वित्त व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। रूस को इससे बाहर कर दिया गया है जो उसके लिए एक बड़ा झटका है।

SWIFT की स्थापना 1973 में की गई थी। यह वास्तविकता में धन के किसी भी हस्तांतरण को स्वयं नहीं संभालता है लेकिन इसकी संदेश प्रणाली, जिसे 1970 के दशक में टेलेक्स मशीनों पर भरोसा करने के लिए विकसित किया गया था, बैंकों को तेजी से, सुरक्षित और सस्ते में संचार करने का साधन प्रदान करती है।

SWIFT क्या करता है?
बैंक आपस में रकम के हस्तांतरण, ग्राहकों के लिए रकम के हस्तांतरण और संपत्ति के लिए ऑर्डर खरीदने और बेचने के बारे में मानकीकृत संदेश भेजने के लिए SWIFT प्रणाली का उपयोग करते हैं।

200 से अधिक देशों में 11,000 से अधिक वित्तीय संस्थान SWIFT प्रणाली  का उपयोग करते हैं, जो इसे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय हस्तांतरण प्रणाली की रीढ़ बनाता है। वित्तीय क्षेत्र में इसकी प्रमुख भूमिका आतंकवाद के वित्तपोषण को रोकने में भी रही है।

रूस में SWIFT का प्रतिनिधि कौन?
राष्ट्रीय संघ रॉसविफ्ट के अनुसार, उपयोगकर्ताओं की संख्या के मामले में संयुक्त राज्य अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा देश रूस है। वहां इस सिस्टम से सम्बद्ध लगभग 300 रूसी वित्तीय संस्थान हैं। यानी रूस के आधे से अधिक वित्तीय संस्थान स्विफ्ट के सदस्य हैं।

रूस के पास अपना घरेलू वित्तीय ढांचा है, जिसमें बैंक हस्तांतरण के लिए SPFS System और वीज़ा और मास्टरकार्ड सिस्टम के समान कार्ड भुगतान के लिए Mir System भी शामिल है।

बैंकों को स्विफ्ट से हटाना गंभीर प्रतिबंध माना जाता है, क्योंकि लगभग सभी बैंक इस प्रणाली का इस्तेमाल करते हैं। रूस अपने अहम तेल एवं गैस निर्यात के लिए इस प्रणाली पर अत्यधिक निर्भर है।

रूसी बैंकों पर लगाए गए नए प्रतिबंधों से जुड़े बयान में कहा गया कि अमेरिका और उसके सहयोगी यह ‘‘सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि चुनिंदा रूसी बैंकों को स्विफ्ट संदेश प्रणाली से हटाया जाए। इससे ये बैंक अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली से कट जाएंगे और इससे उनकी वैश्विक स्तर पर संचालन की क्षमता कमजोर होगी।'
ये भी पढ़ें
बेलारूस बॉर्डर पर होगी रूस और यूक्रेन की बैठक, क्या थमेगी जंग?