उज्जैन सिंहस्थ मेले में इस बार होगा पहले से बड़ा क्षेत्र
मध्यप्रदेश के उज्जैन में अगले साल होने वाले सिंहस्थ महापर्व में इस बार और बडे़ क्षेत्र में मेले का आयोजन होगा। देश-विदेश से बडी़ संख्या में लोगों के आने को ध्यान में रखते हुए इस बार मेले के लिए पिछली साल की तुलना में लगभग 1260 हेक्टेयर अधिक भूमि अधिसूचित की गई है।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक सिंहस्थ के लिए उज्जैन कस्बे एवं आसपास के ग्रामों के पटवारी हलकों की कुल 3061 हेक्टेयर जमीन मेले के पड़ाव क्षेत्र के लिए और 352 हेक्टेयर सेटेलाइट टाउन के लिए अधिसूचित की गई है। पडा़व क्षेत्र में ही मेले का आयोजन होगा।
इसके पहले 2004 में पड़ाव क्षेत्र के लिए 2154.42 हेक्टेयर जमीन अधिसूचित हुई थी। इस हिसाब से इस बार 1259 हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में मेला आयोजित होगा। पड़ाव क्षेत्र में समतलीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
छह सेटेलाइट टाउन के लिए भी विभिन्न क्षेत्रों की जमीन अधिसूचित कर दी गई है। (वार्ता)