केरल में बनेगा वैदिक विश्वविद्यालय
तिरुवनंतपुरम। आध्यात्मिकता की प्राचीन परंपरा, विशेष रूप से वेद और तंत्र के अध्ययन पर जोर देने के लिए केरल में जल्द ही एक वैदिक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।
देश की धार्मिक परंपरा और विरासत के अध्ययन को लेकर युवा पीढ़ी को एक मंच मुहैया कराने के उद्देश्य से दक्षिण केरल में कई मंदिरों का प्रबंधन करने वाला त्रावणकोर देवास्वोम बोर्ड एक वैदिक विश्वविद्यालय बनाने की योजना पर सक्रियता से विचार कर रहा है।
बोर्ड के अधिकारियों ने यहां बताया कि इस परियोजना को लेकर बोर्ड के सदस्यों और विशेषज्ञों के बीच पहले दौर की बातचीत पूरी हो गई है और परियोजना के विभिन्न आयामों के लिए बातचीत की जा रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य वेद और तंत्र का अध्ययन है। यहां किसी दूसरे विश्वविद्यालय में पढ़ाए जाने वाले साधारण विषयों और पाठ्यक्रमों की भी शिक्षा दी जाएगी।
देवास्वोम के आयुक्त पी. वेणुगोपाल ने बताया कि हमारी योजना ऑक्सफोर्ड जैसे विदेशी विश्वविद्यालयों की तरह का विश्वविद्यालय बनाने की है। यह एक धार्मिक विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित किया गया था लेकिन अब ऑक्सफोर्ड में विभिन्न विषयों पर कई तरह के पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं।