1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Uddhav Thackeray demands from Assembly Speaker Rahul Narvekar

उद्धव ने की विधानसभा अध्यक्ष से 16 विधायकों की अयोग्यता पर फैसला लेने की मांग

Uddhav Thackeray
Uddhav Thackeray: मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर (Rahul Narvekar) से 16 विधायकों की अयोग्यता पर जल्द से जल्द फैसला लेने की मांग की। उन्होंने यह मांग तब की है जब 1 दिन पहले उच्चतम न्यायालय ने (Supreme Court) पिछले साल के राजनीतिक संकट पर अपना फैसला दिया।
 
एक साल पहले शिवसेना के एकनाथ शिंदे की बगावत की वजह से उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार गिर गई थी। शिंदे ने बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर सरकार बनाई और उन्होंने मुख्यमंत्री पद की तथा भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ठाकरे की पार्टी के नेता अनिल परब ने कहा कि वे अध्यक्ष नार्वेकर को पत्र लिखकर उनसे इस मामले पर जल्द से जल्द फैसला लेने का अनुरोध करेंगे।
 
ठाकरे ने कहा कि 16 विधायकों को मिला जीवनदान अस्थायी है, क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने 'उचित समय' दिया है और इसकी सीमाएं हैं। अध्यक्ष को जल्द से जल्द इस पर फैसला लेना चाहिए। उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को कहा था कि वह ठाकरे की अगुवाई वाली एमवीए सरकार को बहाल नहीं कर सकता क्योंकि उन्होंने पिछले साल जून में शक्ति परीक्षण का सामना किए बिना इस्तीफा दे दिया था। उसने अध्यक्ष को उचित अवधि के भीतर 16 विधायकों की अयोग्यता पर फैसला करने को कहा।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
डीपीएस को 1 माह में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी