suvichar
Sat, 31 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Shanker singh Vaghela

शंकरसिंह वाघेला बोले, कांग्रेस ने 24 घंटे पहले ही निकाल दिया

Shanker singh Vaghela
गांधीनगर। गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता शंकरसिंह वाघेला ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें '24 घंटे पहले' कांग्रेस से निकाल दिया गया है लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि वे भाजपा में नहीं जा रहे हैं।

अपने 77वें जन्मदिन पर समर्थकों की सभा के दौरान उन्होंने उक्त घोषणा की। गौरतलब है कि उनके कांग्रेस छोड़ने की अटकलें पहले से ही लगाई जा रही थीं। वाघेला ने करीब 2 दशक पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था।
 
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री का पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेतृत्व के साथ गतिरोध चल रहा है। गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले वाघेला स्वयं को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने का दबाव पार्टी पर बना रहे थे।
 
वाघेला कह रहे थे कि यदि उन्हें विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत किया गया तो कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृहराज्य में उनका प्रभावी तरीके से मुकाबला कर सकेगी।
 
गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव 2017 में कांग्रेस द्वारा अपना पूर्ण शक्ति प्रदर्शन नहीं कर पाने की पृष्ठभूमि में वाघेला की यह घोषणा आई है। कांग्रेस उम्मीदवार मीरा कुमार को राज्य से महज 49 मत मिले जबकि राज्य विधानसभा में पार्टी के 57 विधायक हैं। (भाषा)