महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुईं 'कुंभ गर्ल' मोनालिसा एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चाओं में रहने की वजह उनकी निजी जिंदगी है। मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ मंदिर में विवाह कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने शादी की सूचना परिवार को नहीं दी, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से फरमान के परिवार को शादी की जानकारी मिली। परिवार हैरान रह गया। इसके बाद फरमान के परिवार में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
कुछ माह पहले हुई दोस्ती ने लिया शादी का रूप
मोनालिसा और फरमान खान दोस्ती कुछ माह पहले हुई थी। कुंभ मेले से सुर्खियां बटोरने वाली मोनालिसा की पहचान फरमान से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook के जरिए हुई थी। शुरुआत में बातचीत दोस्ती तक सीमित रही, लेकिन समय के साथ यह रिश्ता गहरा होता गया।
फरमान के मुताबिक सबसे पहले मोनालिसा ने ही उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। उस समय उन्होंने शादी से इंकार कर दिया, लेकिन करीब छ: महीने बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया और बाद में शादी का फैसला किया।
परिवारों के विरोध के बावजूद लिया फैसला
दोनों अलग-अलग धर्म से होने के कारण उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। बावजूद इसके मोनालिसा और फरमान ने साथ रहने का निर्णय लिया और मंदिर में विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों तिरुवनंतपुरम पहुंच गए, जहां उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए थंपनूर पुलिस स्टेशन में शरण ली।
फरमान के परिवार में नाराज़गी
फरमान का परिवार बागपत जिले के पलड़ा गांव का रहने वाला है। फरमान के पिता जफर अली ने इस शादी पर कड़ी नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि परिवार फरमान की शादी अपनी बिरादरी में करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसने बिना बताए यह कदम उठा लिया। उन्होंने कहा कि पिता का अरमान होता है कि बारात जाए, दावत और दुल्हन घर में आए, लेकिन बेटे ने बिना बताए शादी कर ली। यदि वह जिद्द करता कि उसे मोनालिसा से ही निकाह करना है तो शायद वे राजी भी हो जाते।
उन्होंने बताया कि परिवार को सिर्फ इतना पता था कि मोनालिसा और फरमान साथ काम करते हैं और अच्छे दोस्त हैं, लेकिन शादी की जानकारी नहीं थी। जफर के मुताबिक, शादी के बाद से फरमान का फोन बंद है और परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा कि फरमान ने परिवार को धोखा दिया है।
प्रतिष्ठित परिवार से है फरमान
गांव में फरमान का परिवार एक प्रतिष्ठित और संपन्न परिवार माना जाता है। बताया जाता है कि उनके पास करीब 12 बीघा जमीन है। परिवार में चार बेटे और कई बेटियां हैं। फरमान तीसरे नंबर का बेटा है, जबकि सबसे छोटा भाई रिजवान फिलहाल 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है।
पढ़ाई और काम के दौरान हुई मुलाकात
फरमान ने भाई ने मीडिया को बताया कि पलड़ा के जनता इंटर कॉलेज पलड़ा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की और इसके बाद जनता वैदिक डिग्री कॉलेज बड़ौत से ग्रेजुएशन पूरा किया। पढ़ाई के बाद वह काम के सिलसिले में दिल्ली आ गया। इसी दौरान वह फिल्म प्रोजेक्ट मणिपुर फाइल्स से जुड़ा, जहां उसकी मुलाकात मोनालिसा से हुई।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस शादी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इसे दोनों का निजी फैसला बताते हुए समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग इस रिश्ते को लेकर आलोचना और ट्रोलिंग भी कर रहे हैं।
Edited by : Sudhir Sharma