1. लाइफ स्‍टाइल
  2. एनआरआई
  3. खास खबर
  4. Two NRI students found dead in Newzealand

न्यूजीलैंड में दो भारतीय छात्रों के शव मिले

NRI students
मेलबर्न। न्यूजीलैंड के एक लोकप्रिय कैंपिंग साइट पर तैरने के दौरान हुए दुखद हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। दोनों की उम्र 20-25 वर्ष के बीच थी।

मीडिया में आई खबरों के अनुसार, प्लेटी जिले के वेस्टर्न बे के मैकलॉरेन फॉल्स पार्क के पास झील में तैराकी के दौरान हुए हादसे के बाद चार भारतयी छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने उनकी पहचान जाहिर किए बगैर बताया कि पहला शव कल रात ही बरामद कर लिया गया जबकि दूसरा शव आज गोताखोरों ने निकाला है।

‘न्यूजीलैंड हेराल्ड’ ने पुलिस प्रवक्ता के हवाले से लिखा है, 'पुलिस परिवारों के संपर्क में हैं, लेकिन फिलहाल विस्तृत जानकारी देने का उपयुक्त समय नहीं है।'

खबर के अनुसार, दोनों सोमवार को पानी में उतरते दिखे थे। एक झूले से पानी में गिर गया जबकि दूसरा उसे बचाने के लिए उतरा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक छात्र झील के उपर निकली पेड़ की टहनी पर बंधे झूले पर झूल रहा था। दुर्भाग्यवश झूले की रस्सी टूट गई और वह पानी में गिर गया। ऐसा माना जा रहा है कि वह तैर नहीं सकता था।

अधिकारी ने बताया कि समूह का एक अन्य लड़का, जो तैर सकता था पानी में उसे बचाने के लिए उतरा। लेकिन उसकी भी मौत हो गई और उसका शव मिला।

इस जानलेवा हादसे के बाद ‘बे ऑफ प्लेंटी सिख सोसायटी’ के सचिव लेहम्बर सिंह ने भारतीयों को तैरना नहीं आने पर पानी से दूर रहने को कहा है।

सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय तैर नहीं सकते। मैं उन्हें याद दिलाने का प्रयास करता रहता हूं कि वे पानी में ना जाएं, क्योंकि सामान्य तौर पर वे अच्छे तैराक नहीं होते। भारत के स्कूलों में तैराकी की शिक्षा नहीं होती। ऑकलैंड में भी कई भारतीयों के डूबने का हादसा होता है। उन्हें कभी तैरना सिखाया नहीं गया। (भाषा)