भारत की रूस और चीन से बढ़ती दोस्ती से टेंशन में ट्रंप, कहा मोदी हमेशा दोस्त रहेंगे
भारत की रूस और चीन से बढ़ती दोस्ती ने डोनाल्ड ट्रंप की चिंता बढ़ाई। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा, वह एक महान प्रधानमंत्री हैं। भारत और अमेरिका के बीच विशेष संबंध हैं।
Modi Trump Friendship : भारत की चीन और रूस से बढ़ती करीबी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कान खड़े कर दिए हैं। उन्हें एक बार फिर अपने पुराने दोस्त नरेंद्र मोदी की याद सताने लगी है। उन्होंने कहा कि वे मोदी के दोस्त बने रहेंगे। ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक विशेष रिश्ता है।
ALSO READ: अमेरिका के साथ रिश्ते तो चाहता है भारत, पीटर नवारो का बयान मंजूर नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने समाचार एजेंसी एएनआई के एक सवाल के जवाब में कहा, मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा, वह एक महान प्रधानमंत्री हैं, वह महान हैं। मुझे बस इस समय वह जो कर रहे हैं वह पसंद नहीं है। भारत और अमेरिका के बीच एक विशेष रिश्ता है। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है।
ट्रम्प ने कहा कि मुझे इस बात से निराशा हुई है कि भारत रूस से इतना तेल खरीदेगा और मैंने उन्हें बता दिया है कि मैंने भारत पर बहुत ऊंचा टैरिफ़ लगा दिया है - 50%। जैसा कि आप जानते हैं, मेरे मोदी के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। वे कुछ महीने पहले यहां आए थे, हम रोज़ गार्डन गए थे। हमने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।
ट्रंप ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी नेता शी जिनपिंग की एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी। इस पर लिखा था कि लगता है हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। उन्हें एक साथ लंबा और खुशहाल भविष्य मिले!'
ALSO READ: डोनाल्ड ट्रंप का दर्द, लगता है हमने भारत और रूस को खो दिया
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के शुरू होने के कुछ ही महीनों में भारत-अमेरिका संबंधों में अभूतपूर्व तनाव देखने को मिल रहा है। कभी 'हाउडी मोदी' और 'नमस्ते ट्रम्प' जैसे आयोजनों से परवान चढ़ी दोस्ती अब अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुकी है। मौजूदा हालात में दोनों नेताओं के बीच विश्वास की कमी साफ दिख रही है।
edited by : Nrapendra Gupta