मंगलवार, 3 अक्टूबर 2023
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Rs 100 crore bribery case : CBI files charge sheet against Anil Deshmukh, others
Written By
पुनः संशोधित: गुरुवार, 2 जून 2022 (19:53 IST)

Maharashtra : CBI ने अनिल देशमुख के खिलाफ दायर की 59 पेज की चार्जशीट, 100 करोड़ की वसूली का है मामला

नई दिल्ली/मुंबई। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने को गुरुवार मुंबई की एक विशेष अदालत में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख और अन्य के खिलाफ एक आरोप-पत्र दाखिल किया। सीबीआई ने 59 पेज की चार्जशीट पेश की है।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीरसिंह द्वारा देशमुख के खिलाफ लगाए गए 100 करोड़ रुपए के रिश्वतखोरी के आरोपों में जांच के सिलसिले में आरोप-पत्र दायर किया गया है।एक दिन पहले ही मुंबई की एक विशेष अदालत ने बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे की सरकारी गवाह बनने की याचिका को स्वीकार कर लिया था।
 
सीबीआई ने देशमुख और उनके निजी सहयोगियों संजीव पलांडे तथा कुंदन शिंदे के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के प्रावधानों के तहत आरोप दायर किए हैं। पिछले साल नवंबर में गिरफ्तार किए गए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता देशमुख (71) वर्तमान में मनी लांड्रिंग के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और शहर की ऑर्थर रोड जेल में बंद हैं। धनशोधन के मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की जा रही है।
 
इस साल अप्रैल में सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले की जांच के लिए देशमुख, उनके सहयोगियों पलांडे और शिंदे तथा बर्खास्त पुलिसकर्मी सचिन वाजे को हिरासत में लिया था।

मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने आरोप लगाया था कि तत्कालीन गृह मंत्री देशमुख ने पुलिसकर्मियों को शहर के रेस्तराओं और बार से प्रति माह 100 करोड़ रुपए की वसूली करने का निर्देश दिया था। देशमुख ने आरोपों से इनकार किया था लेकिन बंबई हाईकोर्ट द्वारा सीबीआई को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिए जाने के बाद उन्हें अपने पद से हटना पड़ा था।