कानपुर लेंबोर्गिनी केस का आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, कोर्ट लेकर पहुंची पुलिस
कानपुर के लेंबोर्गिनी हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई मौजूद सबूतों और जांच के आधार पर की गई है।
आरोपी शिवम मिश्रा को छह बंगलिया रोड के पास से गिरफ्तार किया है। कानपुर ग्वालटोली थाने की पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट लेकर जा रही है, शिवम मिश्रा करीब 90 घंटे से फरार था। आरोपी शिवम हादसे के बाद से कानपुर में ही था।
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने दावा किया था कि कार अत्यधिक रफ्तार में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा था। दुर्घटना के तुरंत बाद सवाल उठने लगे थे कि कार चला कौन रहा था। शुरुआती चरण में परिवार और बचाव पक्ष की तरफ से दावा किया गया कि कार ड्राइवर मोहन चला रहा था। मोहन ने भी अदालत में पेशी के दौरान यही बयान दिया था। लेकिन पुलिस की जांच इससे अलग दिशा में जाती हुई दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की समीक्षा के बाद जांच टीम ने पाया कि दुर्घटना के समय कार की ड्राइविंग सीट पर शिवम मिश्रा ही मौजूद था। पुलिस के अनुसार, फुटेज में साफ दिख रहा है कि दुर्घटना के बाद कार से बाहर निकलने वाला व्यक्ति शिवम जैसा ही नजर आता है।
पुलिस ने बीते तीन दिनों में घटना स्थल की मैपिंग, डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गाड़ी के अंदर मिले फॉरेंसिक संकेतों को आधार बनाकर कार्रवाई तेज की। इसके बाद बुधवार को शिवम को हिरासत में लिया गया।
Edited By: Naveen R Rangiyal