सदन की कार्यवाही स्थगित : संसद में आज भी बजट पर चर्चा जारी है, लेकिन माहौल केवल आर्थिक मुद्दों तक सीमित नहीं है। आज भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा हुआ और कुछ ही मिनटों में सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया। बुधवार को लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भाषण ने सियासत को और गर्मा दिया। उन्होंने राजनीति को मार्शल आर्ट से जोड़ते हुए कहा कि जैसे खेल में 'ग्रिप' और 'चोक' होती है, वैसे ही राजनीति में भी कई अदृश्य तकनीकें काम करती हैं- बस वे दिखाई नहीं देतीं। इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की आपत्ति के बाद राहुल गांधी पर विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है। यदि मामला औपचारिक रूप से सदन में आता है और आगे बढ़ता है, तो यह राहुल गांधी के लिए संसदीय और कानूनी दोनों स्तरों पर चुनौतीपूर्ण हो सकता है, यहां तक कि उनकी सांसदी पर भी संकट आ सकता है।