बिना एक भी रुपया लगाए भारत से हजारों करोड़ कमा रहे हैं डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया। अब उन्होंने 25 प्रतिशत टैरिफ भारत पर लगाया है। इससे पहले ट्रंप ने 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड इकॉनमी' कह चुके हैं। लेकिन आपको जानकर यह आश्चर्य होगा कि वे भारत में एक भी पैसा लगाए बगैर हजारों करोड़ रुपया कमा रहे हैं।
हैरान करने वाली बात यह है कि डोनाल्ड ट्रंप को भारत में इस कारोबार के लिए न तो जमीन खरीदनी पड़ती है, न खुद किसी प्रोजेक्ट में कोई पैसा लगाना पड़ता है और न ही कंस्ट्रक्शन के कामों की माथापच्ची ही करनी पड़ती है। सिर्फ लग्जरी रियल एस्टेट प्रोजेक्ट 'ट्रंप' का नाम बेचता है और इतने से उन्हें 3 से 5 प्रतिशत की बैठे-बैठे आमदनी हो जाती है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के अनुसार ट्रंप को यह कमाई भारत के रियल एस्टेट कारोबार से हो रही है। ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन भारतीय डेवलपर्स को 'ट्रंप' नाम का इस्तेमाल करने के लिए फीस और बिक्री में से हिस्सेदारी लेता है, जिससे उसे बिना एक पैसा लगाए बहुत मोटी कमाई हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक अकेले 2024 में ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन को भारतीय प्रोजेक्ट से 12 मिलियन डॉलर की कमाई हुई। इसमें से 10 मिलियन डॉलर तो उसे मुंबई के सिर्फ एक टावर के बनाने में मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन ने अपने इंडिया पोर्टफोलियो को हाई-मार्जिन और जीरो-इंवेस्टमेंट मॉडल पर खड़ा किया है। Edited by : Sudhir Sharma