शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. congress leaders roared from soil of assam said we will unite and fight against bjp
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2025 (00:17 IST)

कांग्रेस नेताओं का असम पर 2.5 घंटे महामंथन, 2026 के चुनावों पर क्या बनी रणनीति

कांग्रेस नेताओं का असम पर 2.5 घंटे महामंथन, 2026 के चुनावों पर क्या बनी रणनीति - congress leaders roared from soil of assam said we will unite and fight against bjp
कांग्रेस नेतृत्व ने असम के अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरुवार को बैठक की जिसमें अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों तथा रणनीति को लेकर चर्चा करने के साथ ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का एकजुट होकर मुकाबला करने का संकल्प लिया। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि असम की जनता ने नफरत की राजनीति को हराने और कांग्रेस की मोहब्बत तथा प्रगति की राजनीति को गले लगाने का मन बना लिया है। यह बैठक करीब 2.5 घंटे चली। केरल में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। केरल और असम में अगले साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
 
कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुई इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा, लोकसभा सदस्य गौरव गोगोई और प्रदेश के कई अन्य नेता शामिल थे।
बैठक के बाद राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर पोस्ट किया कि आज, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के नेतृत्व में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं की बैठक में सम्मिलित हुआ। असम ने मन बना लिया है - भ्रष्टाचार और नफरत की राजनीति को हटाने का, कांग्रेस के साथ मोहब्बत और प्रगति की राजनीति को गले लगाने का।’’
 
प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि आज असम के हर क्षेत्र के कांग्रेस नेता इस बैठक में मौजूद थे। इस बैठक में आगामी असम विधानसभा चुनाव की रणनीति से जुड़ी चर्चा हुई।’’ उन्होंने दावा किया कि बैठक में यह बात भी रखी गई कि असम के मुख्यमंत्री राज्य को बेच रहे हैं, माफियागीरी कर रहे हैं और ‘सिंडिकेट’ चला रहे हैं, जिससे असम की जनता बहुत पीड़ित है।’’
 
सिंह के मुताबिक, बैठक में आगे ये भी तय हुआ कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी असम का दौरा करेंगे और वहां उनकी रैलियां होंगी। उन्होंने दावा किया कि असम में भाजपा और उसके मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं, जबकि कांग्रेस बेहद मजबूती से काम कर रही है और असम की जनता के लिए लड़ रही है।
भूपेन बोरा ने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि हम सभी एकजुट होकर आगामी चुनावों में असम से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।  उन्होंने दावा किया,  हिमंता विश्व शर्मा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं और हमने मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार से जुड़े हुए सभी सबूत शीर्ष नेतृत्व के सामने रखे हैं। 
 
बोरा ने कहा, ‘‘हम और हमारे सभी नेता जनता के बीच जाएंगे और भ्रष्टाचार के इन सबूतों को उनके सामने रखेंगे।’’ असम में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर मोर्चा खोल रखा है।
 
दूसरी तरफ, शर्मा और भाजपा ने हाल ही में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ से संबंध रखने का भी आरोप लगाया था। गोगोई ने इस आरोप को ‘‘हास्यास्पद’’ बताकर खारिज कर दिया था। कांग्रेस नेतृत्व शुक्रवार को केरल के पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेगा।
 
केरल के कांग्रेस नेताओं की बैठक इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि इन दिनों पार्टी के सांसद तथा वरिष्ठ नेता शशि थरूर के अप्रसन्न होने की अटकलें हैं। तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर द्वारा एक अखबार में लिखे हालिया लेख पर विवाद पैदा हो गया है। इस लेख में उन्होंने केरल में निवेश के माहौल को बढ़ावा देने के लिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की प्रशंसा की है। इसको लेकर वह केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ नेताओं के निशाने पर हैं। इनपुट भाषा