Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 13 नवंबर 2015 (15:16 IST)
अब आएगा ओला मनी ऐप
नई दिल्ली। मोबाइल ऐप के जरिए टैक्सी बुकिंग कराने वाली कंपनी ओला ने आज कहा कि वह मोबाइल वॉलेट ‘ओला मनी’ की सेवा स्वतंत्र रूप से पेश करेगी। यह भारत में डिजिटल भुगतान के बढ़ते बाजार में पेटीएम, मोबिक्विक और फ्रीचार्ज जैसे सेवाओं प्रदाताओं से प्रतिस्पर्धा करेगी।
फिलहाल जिप कैश के जरिए चलने वाले, ओला मनी के चार करोड़ उपयोगकर्ता हैं। इससे पहले ओला ऐप में उपलब्ध ओला मनी के जरिए इससे जुड़े टैक्सी और ऑटो का किराया दिया जा सकता था।
अगस्त में कंपनी ने ओयो रूम्स, लेंसकार्ट और एसएएवीएन जैसे विभिन्न ऑनलाइन मंचों के साथ भागीदारी की, ताकि उपभोक्ता नकदी के बगैर लेन-देन किया जा सके।
ओला के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी भाविश अग्रवाल ने कहा कि ओला मनी को पिछले तीन महीनों में स्वीकार्यता मिली है। नए ओला मनी ऐप के जरिए उपयोक्ता भागीदार कंपनियों को भुगतान कर सकते हैं और मोबाइल रिचार्ज करा सकते हैं तथा धन का हस्तांतरण कर सकते हैं। (भाषा)