पुणे में भारी बारिश, सड़कें लबालब, पानी में तैरते दिखे वाहन
Maharashtra Rain : महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में हुई तेज बेमौसम बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त व्यस्त कर दिया। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई बारिश लगभग दो घंटे तक लगातार होती रही, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात बुरी तरह बाधित हुआ। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें पानी से लबालब हो गईं।
कहां कितनी बारिश
खडकवासला में सबसे ज्यादा 88 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कात्रज में 83 मिमी और डेक्कन क्षेत्र में 79 मिमी बारिश हुई। पाषाण, लोहगांव और शिवाजीनगर जैसे इलाकों में भी तेज बारिश हुई। कात्रज क्षेत्र में कई वाहन पानी में तैरते हुए दिखाई दिए, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रही और तेज बिजली कड़कने से लोगों में डर का माहौल बन गया। जलभराव वाले इलाकों में कई दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
इस बेमौसम बारिश ने पुणे और आसपास के क्षेत्रों में भारी परेशानी खड़ी कर दी और लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
IMD ने जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का गंभीर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पुणे और नाशिक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक, ओलावृष्टि और 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। जलगांव, धुले, नंदुरबार और अहिल्यानगर में भी इसी तरह के मौसम की स्थिति रहने की आशंका जताई गई है।
edited by : Nrapendra Gupta