सोमवार, 20 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. donald-trump-truth-social-post-iran-warning-strait-of-hormuz
Last Modified: गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 (17:14 IST)

ईरान में फिर छिड़ेगी भीषण जंग! अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिए संकेत

Donald Trump
Iran-US tensions: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपने तेवर कड़े करते हुए एक बेहद आक्रामक बयान जारी किया है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि यदि कोई ठोस समझौता नहीं होता है, तो उसे ऐसी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा जो पहले कभी नहीं देखी गई। इस बीच, पाकिस्तान में युद्ध रुकवाने को लेकर वार्ता होने जा रही है। हालांकि, लेबनान पर इजराइली हमलों को लेकर ईरान ने नाराजगी जाहिर की है। 

पूरी तरह तबाह करने की तैयारी

ट्रंप ने अपने पोस्ट में स्पष्ट किया कि अमेरिका ने ईरान के चारों ओर अपनी सैन्य घेराबंदी मजबूत कर ली है। उन्होंने लिखा कि US के सभी जहाज, विमान और सैनिक, साथ ही अतिरिक्त गोला-बारूद और हथियार... ईरान के अंदर और आस-पास तब तक मौजूद रहेंगे, जब तक कि असली समझौता पूरी तरह से लागू नहीं हो जाता। ट्रंप का संकेत साफ है कि वे ईरान को किसी भी प्रकार की ढील देने के मूड में नहीं हैं।

'असली समझौता' न होने पर भीषण परिणाम

ट्रंप ने युद्ध की भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अगर समझौता विफल रहता है, तो गोलीबारी शुरू हो जाएगी। उन्होंने इस संभावित हमले को 'बड़ा, बेहतर और ताकतवर' बताया है। हालांकि, उन्होंने एक महत्वपूर्ण बात यह भी जोड़ी कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी परमाणु हथियार का उपयोग नहीं किया जाएगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर आश्वासन

दुनिया भर के तेल व्यापार के लिए सबसे महत्वपूर्ण रास्ता 'होर्मुज़ जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) को लेकर ट्रंप ने दुनिया को आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि यह जलमार्ग पूरी तरह खुला और सुरक्षित रहेगा, ताकि वैश्विक आपूर्ति बाधित न हो। उल्लेखनीय है कि लेबनान पर इजराइली हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज को एक बार फिर से बंद कर दिया। 

सेना को 'जीत' का इंतजार

अपनी सेना का मनोबल बढ़ाते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी सेना वर्तमान में गोला-बारूद जमा कर रही है और अपनी 'अगली जीत' का इंतजार कर रही है। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में अंत में लिखा— "अमेरिका वापस आ गया है! दूसरी ओर, जानकारों का मानना है कि ट्रंप का यह बयान ईरान पर 'अधिकतम दबाव' बनाने की रणनीति का हिस्सा है। वे ईरान को एक ऐसे समझौते की मेज पर लाना चाहते हैं जो अमेरिका की शर्तों के अनुकूल हो।
Edited by: vrijendra Singh Jhala 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
Ceasefire : क्या लेबनान पर बढ़ते भ्रम के लिए Pakistan जिम्मेदार, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्धविराम के बीच विरोधाभासों का दौर