Devas News: शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि एक विद्यार्थी को सामाजिक, मानसिक और नैतिक रूप से भी मजबूत बनाना इसका उद्देश्य होना चाहिए। इसी दृष्टिकोण को आत्मसात करते हुए कौटिल्य एजुकेशनल एकेडमी, देवास में एक विशेष बहुआयामी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र नेतृत्व, नशा मुक्ति संकल्प, पौधारोपण अभियान और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक कुमार गोयल (आईपीएस, आईजी भोपाल) ने छात्रों को नेतृत्व, अनुशासन और डिजिटल सतर्कता के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। यदि वे नैतिक मूल्यों, डिजिटल ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारी से युक्त होंगे, तो भारत का भविष्य उज्जवल है।
वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता शिव कुमार ने कहा कि युवाओं में जागरूकता से ही समाज में बदलाव आएगा। नशा एक धीमा ज़हर है, इससे लड़ने के लिए संकल्प की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि श्रीमती सूरी ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए महिला सशक्तिकरण और शिक्षा में सहभागिता पर प्रेरक शब्द साझा किए।
इस अवसर पर आयोजित साइबर सुरक्षा सत्र में डिजिटल युग के खतरों को समझाते हुए गोयल ने साइबर अपराध, फ़िशिंग, डेटा प्राइवेसी और ऑनलाइन सुरक्षा के विषय में गहन जानकारी साझा की। छात्रों ने इंटरैक्टिव सत्र में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
छात्र परिषद सदस्यों को शपथ : इस अवसर पर नवचयनित छात्र परिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। छात्रों ने आत्म-नियंत्रण, अनुशासन और नेतृत्व की भावना के साथ अपने उत्तरदायित्व को स्वीकारा। विद्यार्थियों ने मंच से यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में एक सशक्त संदेश देते हुए विद्यालय प्रांगण में सैकड़ों पौधे लगाए गए। यह अभियान 'हरियाली ही भविष्य है' की सोच पर आधारित था।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों- मिथलेश यादव (चेयरमैन), चेतन यादव (डायरेक्टर), श्रीमती ममता यादव, डॉ. वंदना जैन (प्राचार्या), जितिन थॉमस (वाइस प्रिंसिपल), श्रीमती आशा बरुआ (डायरेक्टर, कौटिल्य मक्सी) की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ ने भरपूर सहयोग प्रदान किया। आयोजन की व्यवस्था, छात्र सहभागिता, तकनीकी संचालन, और सांस्कृतिक समन्वय हर स्तर पर टीमवर्क और समर्पण देखने को मिला।
अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं : कौटिल्य एजुकेशनल एकेडमी, मक्सी में शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए, विभिन्न सामाजिक व जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, एवं डिजिटल और पर्यावरणीय जागरूकता का समावेश करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी अशोक कुमार गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों को दायित्व सौंपे गए हैं, वे उन्हें पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएं। एक अच्छा नेता वही होता है जो अनुशासन, समझदारी और समर्पण के साथ कार्य करे। इसके साथ ही आपने मानव अधिकारों के अंतर्गत यह भी बताया कि मानव अधिकारों का हनन एवं संरक्षण कैसे होता है। इस अवसर पर मानव अधिकारों से संबंधित पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
अतिथियों ने किया पौधारोपण : कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन मिथलेश यादव, शाजापुर शाखा के डायरेक्टर बृजेश यादव, साइबर क्राइम प्रभारी विकास तिवारी (शाजापुर), मक्सी थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल, विद्यालय प्रबंधक श्रीमती आशा बरुआ, प्राचार्य जेडी फर्नांडिस, एवं एडमिनिस्ट्रेटर सौरभ दीक्षित, चेतन यादव डायरेक्टर देवास विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर पौधारोपण किया, ग्रीन डे के अवसर पर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।