PWD मंत्री राकेश सिंह और IAS अरविंद शाह में टकराव, CM तक पहुंची शिकायत
मध्यप्रदेश में भाजपा नेताओं और मंत्रियों और अफसरों में टकराव लगातार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह और जबलपुर स्मार्ट सिटी सीईओ अरविंद शाह से जुड़ा है। आरोप है कि मंत्री राकेश सिंह ने स्मार्ट सिटी जबलपुर के सीईओ आईएएस अधिकारी अरविंद शाह को अपने बंगले पर बुलाकर न सिर्फ उनसे अभद्रता की बल्कि उन्हें अपमानित भी किया। वहीं मंत्री राकेश सिंह ने IAS अफसर अरविंद शाह पर गंभीर आरोप लगाए है।
क्या है पूरा मामला?- स्मार्ट सिटी जबलपुर में कार्यरत महिला कर्मचारी दिलप्रीत भल्ला ने आरोप लगाया था कि कार्यालय में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का वेतन माह के पहले सप्ताह में आ जाता है. लेकिन उनका मार्च का वेतन 10 अप्रैल तक नहीं आया. इस बात को लेकर जब दिलप्रीत भल्ला ने स्मार्ट सिटी के सीईओ से वेतन रोकने की वजह पूछी तो सीईओ अरविंद शाह ने उन्हें न सिर्फ अपमानित किया बल्कि उन्हें ये कहकर चैम्बर से बाहर निकाल दिया कि उन्हें तो कभी ऑफिस में देखा ही नहीं। महिला कर्मचारी का आरोप है कि इस दौरान सीईओ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल भी किया।
अपने शिकायती पत्र में दिलप्रीत भल्ला ने आरोप लगाया कि मंत्री राकेश सिंह के दखल के बाद CEO ने उन्हें चैंबर में बुलाकर कहा कि तू दो कौड़ी की कर्मचारी और मैं एक IAS हूं. मैं किसी मंत्री मिनिस्टर से नहीं डरता और न किसी दबाव में काम करता हूं। दिलप्रीत का आरोप है कि जब वो चैंबर से बाहर आ रही थी तो सीईओ ने मंत्री राकेश सिंह के लिए भी अपशब्द कहे और उन्हें भी देख लेने की बात कही। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी दिलप्रीत भल्ला ने कानूनी शपथ पत्र में इस बात की पुष्टि की है कि उनके द्वारा IAS अरविंद शाह के खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह सही है.
मंत्री और IAS आमने-सामने-यह पूरा मामला स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने IAS अफसर को अपने बंगले पर बुलाया। बताया जाता है कि मंत्री ने महिला कर्मचारी के साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई और सीईओ से माफी मांगने को कहा। इसके साथ ही आईएएस अधिकारी अरविंद शाह ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उन्हें करीब आधे घंटे तक अपमानित किया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी। इसके साथ ही IAS अरविंद शाह का आरोप है कि मंत्री राकेश सिंह ने उनके चयन को लेकर भी सवाल उठाए और उन्हें सिंगरौली तक परेड कराकर वापस भेजने की बात भी कही।
IAS एसोसिएशन ने जताई आपत्ति- वहीं इस पूरे मामले को लेकर IAS अरविंद शाह ने IAS एसोसिएशन के सामने रखा। इस मामले को लेकर IAS एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की। वहीं मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया है लेकिन दोनों पक्षों के तेवर को देखते हुए ऐसा लग नहीं रहा है।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें