पालघर में कंटेनर और ट्रक की टक्कर में 13 बारातियों की मौत, 20 गंभीर रूप से घायल
महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। शादी समारोह में जा रहे मेहमानों से भरा एक टेंपो तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहन पलट गए और कई यात्री उनके नीचे फंस गए। बताया जा रहा है कि आइशर टेंपो में 50 से अधिक लोग सवार थे, जो बापुगांव खड़कीपाड़ा गांव निवासी बालाराम जयराम डांडेकर के सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
कासा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अमर पाटिल ने बताया कि हादसे में घायल हुए 20 यात्रियों को कासा उपजिला अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें