1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: कराची (भाषा) , मंगलवार, 5 जून 2007 (17:41 IST)

लतीफ ने आईसीसी पर साधा निशाना

रशीद लतीफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद पाकिस्तान
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रशीद लतीफ ने क्रिकेट कैलेंडर को व्यस्त बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और इसके सदस्यों को लताड़ा है। उनका कहना है कि दौरों के बीच खिलाड़ियों के आराम के लिए समय नहीं है।

पूर्व विकेटकीपर ने विशेषकर हाल में अबुधाबी में हुई श्रीलंका पाकिस्तान श्रृंखला और भारत में आयोजित होने वाले एफ्रो एशिया कप मैचों पर निशाना साधा।

उन्होंने दावा किया कि इन अंतर महाद्वीपीय मैचों को लेकर कोई भी खिलाड़ी उत्साहित नहीं है। लतीफ ने कहा विश्व कप अभी अभी खत्म हुआ है और हमें पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच अबुधाबी में एकदिवसीय मैच देखने को मिले, जिसमें किसी की रुचि नहीं थी।
अब यह एफ्रो एशिया कप के मैच हैं जिनके साथ कोई राष्ट्रीय भावना नहीं जुड़ी। पैसे बनाने के अलावा ऐसे मैच आयोजित कराने का क्या उद्देश्य है। एशिया एकादश आज ट्वंटी-20 मैच में अफ्रीका एकादश से भिड़ेगी। इसके बाद छह नौ और दस जून को एकदिवसीय मैच खेले जाएँगे।

कप्तान शोएब मलिक सहित छह पाकिस्तानी खिलाड़ी एशिया की टीम में चुने गए हैं। बाकी पाँच क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद आसिफ, शाहिद अफरीदी, कामरान अकमल और इमरान नजीर हैं।

भारत के लिए रवाना होने से पहले मलिक ने कहा इन मैचों को आईसीसी ने स्वीकृति दी है, इसलिए हमें वहां जाना होगा और खेलना होगा। सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड़, चामिंडा वास, मुथैया मुरलीधरन और लासिथ मलिंगा पहले ही प्रतियोगिता से नाम वापस ले चुके हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को यह कहते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से रोक दिया है कि घुटने की चोट के बाद वह मैच खेलने के लिए फिट नहीं हैं। लतीफ ने कहा कि आईसीसी और इसके सदस्यों को सुनिश्चित करना होगा कि आधिकारिक श्रृंखलाओं के बीच खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम भी मिले।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें