शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. सबसे आखिरी में लगी अर्जुन तेंदुलकर की बोली, मुंबई इंडियंस ने 20 लाख में खरीदा
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2021 (00:25 IST)

IPL Auction 2021 : सबसे आखिरी में लगी अर्जुन तेंदुलकर की बोली, मुंबई इंडियंस ने 20 लाख में खरीदा

arjuntendulkar | सबसे आखिरी में लगी अर्जुन तेंदुलकर की बोली, मुंबई इंडियंस ने 20 लाख में खरीदा
मुंबई। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर को गुरुवार को मजबूती मिली जब मुंबई इंडियंस ने चेन्नई में इंडियन प्रीमियर लीग की खिलाड़ियों की नीलामी में उन्हें खरीदा। आईपीएल नीलामी 2021 में सबसे आखिरी बोली अर्जुन तेंदुलकर की लगी।

सचिन मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के बाद अब मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं और इसी फ्रेंचाइजी ने अर्जुन को 20 लाख रुपए के उनके आधार मूल्य पर खरीदा। यह फैसला हालांकि हैरानीभरा नहीं है क्योंकि वे पिछले दो से तीन सत्र से फ्रेंचाइजी के लिए नेट गेंदबाज की भूमिका निभा रहे थे।

21  साल के अर्जुन ने हाल में मुंबई की सीनियर टीम की ओर से पदार्पण किया जब वे हरियाणा के खिलाफ राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में खेले। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अब मुंबई के लिए टी-20 प्रारुप में दो मैच खेलते हुए 3 रन बनाने के अलावा 2 विकेट चटकाए हैं।

अर्जुन इससे पहले आयु वर्ग के टूर्नामेंटों में भी मुंबई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे टी-20 मुंबई लीग में भी खेले थे। इस युवा क्रिकेटर ने हाल में प्रतिष्ठित पुलिस शील्ड टूर्नामेंट में भी प्रभावित किया था।

अर्जुन को अतीत में भारतीय राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजों को नेट पर गेंदबाजी करते हुए देखा गया है। वे श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।(भाषा)
ये भी पढ़ें
इन 5 खिलाड़ियों के लिए सूनी रही आईपीएल 2021 की नीलामी