1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर

आईपैड के लि‍ए पहला ई-अखबार

लेपटॉप
न्यूयॉर्क। मीडिया मुगल रूपर्ट मर्डोक ने एक इलेक्ट्रॉनिक अखबार की शुरुआत की है जिसे आईपैड टैबलेट कम्प्यूटर पर पढ़ा जा सकेगा। 'द डेली' नाम का यह समाचार-पत्र पाठकों को 14 सेंट्स यानी 40 डॉलर सालाना कीमत पर मिलेगा। अमेरिका में बिकने वाले पारंपरिक अखबारों की तुलना में यह सस्ता है।

यह समाचार-पत्र एक मल्टीमीडिया प्रोडक्शन है जिसमें हाईडेफिनिशन वीडियो और तस्वीरें उपलब्ध करवाई जाएँगी। फेसबुक और ट्विटर से कनेक्शन के साथ-साथ पारंपरिक अखबारों में छपने वाले लेख भी उपलब्ध होंगे। फिलहाल यह सिर्फ अमेरिका में उपलब्ध है और इसे न्यूयॉर्क में रूपर्ट मर्डोक ने लॉन्‍च किया।

नया प्रयोग
मर्डोक का कहना था कि यह अखबार उन लाखों पाठकों के लिए है, जो अखबार नहीं पढ़ते, न ही टीवी देख पाते हैं। उन्होंने कहा कि यह नया प्रयोग समाचार उद्योग को पुनर्जीवित कर सकता है। यह शुरुआत एक ऐसे वक्त हुई है जबकि पारंपरिक अखबारों की बिक्री में तेजी से कमी आ रही है।

अखबार मालिक डिजीटल मीडिया के बलबूते अपने घटते मुनाफे की पूर्ति के लिए प्रयासरत हैं। हालाँकि यह एक बहस का विषय है कि क्या लोग डिजीटल रूप में समाचार पढ़ने के लिए पैसे चुकाने के लिए तैयार हैं। कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रयोग सफल नहीं हो पाएगा, क्योंकि इंटरनेट पर पहले से ही मुफ्त समाचार उपलब्ध हैं।